भारतीय बैडमिंटन संघ (बाइ) हैदराबाद में अभ्यास शिविर आयोजित करने की योजना बना रहा है और अगर उसे राज्य सरकार से हरी झंडी मिल जाती है तो फिर पीवी सिंधू सहित देश के कुछ चोटी के शटलर को लंबे अर्से बाद कोर्ट पर उतरने का मौका मिल जाएगा।
भारतीय खेल प्राधिकरण (साइ) के पिछले महीने खेलों की बहाली के लिये दिशानिर्देश जारी करने के बाद कुछ भारतीय खिलाड़ियों ने बेंगलुरू स्थित प्रकाश पादुकोण बैडमिंटन अकादमी में अभ्यास शुरू कर दिया है लेकिन हैदराबाद में रहने वाले खिलाड़ी अब भी इसके लिये इंतजार कर रहे हैं। हैदराबाद में कोविड-19 मामलों के बढ़ने के बाद तेलंगाना सरकार ने ऐहतियात के तौर पर लॉकडाउन 30 जून तक बढ़ा दिया है लेकिन इसके कारण राज्य के शीर्ष खिलाड़ियों की खेल में वापसी में भी देरी हुई।
बाइ सचिव अजय सिंघानिया ने कहा, ‘‘महामारी के कारण अभ्यास रुक गया था लेकिन स्थिति का आकलन करने के बाद हमने एक जुलाई से हैदराबाद में अभ्यास शिविर शुरू करने का फैसला किया है लेकिन यह राज्य सरकार की मंजूरी पर निर्भर है।’’ बैडमिंटन संघ ने कोविड-19 महामारी के कारण 27 अप्रैल से तीन मई के बीच होने वाली सीनियर राष्ट्रीय चैंपियनशिप मार्च में ही स्थगित कर दी थी और अब उसने सितंबर तक घरेलू टूर्नामेंट शुरू नहीं करने का फैसला किया है। सिंघानिया ने कहा, ‘‘बाइ की घरेलू टूर्नामेंट शुरू करने पर सभी राज्य संघों के सचिवों से बात हुई और जिसके बाद घरेलू टूर्नामेंट सितंबर तक शुरू नहीं करने का फैसला किया गया।’’


Download Android App
Download iOS App



