सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा की फिटनेस पर फैसला 11 दिसम्बर को उनके अगले फिटनेस टेस्ट के बाद लिया जाएगा जबकि तेज गेंदबाज इशांत शर्मा ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चार टेस्टों की बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी से बाहर हो गए हैं।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव जय शाह ने गुरूवार रात को जारी एक बयान में रोहित और इशांत की फिटनेस पर ताजा जानकारी देते हुए बताया कि रोहित बेंगलुरु स्थित राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) में रिहैबिलिटेशन से गुजर रहे हैं और उनका अगला आकलन 11 दिसम्बर को किया जाएगा जिसके बाद ही बीसीसीआई रोहित की 17 दिसम्बर से शुरू होने वाली चार टेस्ट मैचों की सीरीज में भागीदारी पर कोई फैसला लेगा।
जय शाह ने बताया कि रोहित आईपीएल में अपनी टीम मुंबई इंडियंस को पांचवीं बार चैंपियन बनाने के बाद अपने बीमार पिता को देखने के लिए मुंबई आ गए थे। उनके पिता की हालत में अच्छा सुधार हो रहा है जिससे उन्हें एनसीए की यात्रा करने और अपना रिहैबिलिटेशन शुरू करने की अनुमति मिल गयी।बीसीसीआई ने बताया कि जहां तक इशांत की बात है तो वह अपनी पसलियों के खिंचाव से पूरी तरह उबर चुके हैं लेकिन टेस्ट मैच फिटनेस हासिल करने तक इशांत बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी से बाहर हो गए हैं।
इससे पहले तक खबर आ रही थी कि रोहित और इशांत ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले दो टेस्ट से बाहर हो गए हैं। रोहित हैमस्ट्रिंग चोट से और इशांत पसलियों में खिंचाव की परेशानी से उबर रहे हैं। दोनों को यह चोट यूएई में आईपीएल के दौरान लगी थी। इशांत तो आईपीएल बीच में छोड़कर स्वदेश लौट आये थे जबकि रोहित अपनी टीम मुंबई इंडियंस को पांचवीं बार आईपीएल चैंपियन बनाकर स्वदेश लौटे थे। दोनों बेंगलुरु स्थित राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी में रिहैबिलिटेशन से गुजर रहे थे।
बीसीसीआई के ताजा बयान के आधार पर यह माना जा सकता है कि रोहित का भी टेस्ट सीरीज में खेलना संदेहास्पद हो गया है।


Download Android App
Download iOS App



