वेस्टइंडीज के खिलाफ मौजूदा समय में चल रही तीन वनडे मैचों की सीरीज के दूसरे मुकाबले में 44 रनों से मिली जीत में सूत्रधार की भूमिका निभाने वाले तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा ने कहा कप्तान रोहित शर्मा से तारीफ सुनकर उन्हें बहुत अच्छा लगा। मैच के बाद उन्होंने कहा, मुझे बहुत अच्छा लगा क्योंकि वह (रोहित) लंबे समय से क्रिकेट खेल रहे हैं, उनसे तारीफ सुनकर मैं बहुत खुश हूं।

पहले जान लीजिये, भारत ने तीन मैचों की सीरीज में 2-0 से बढ़त बना ली है। प्रसिद्ध कृष्णा ने नौ ओवर में 12 रन देकर चार विकेट चटकाये जिससे रोहित काफी प्रभावित दिखे। कप्तान रोहित शर्मा ने मैच के बाद कहा, मैने लंबे समय से भारत के लिये ऐसा स्पैल नहीं देखा। उसने शानदार गेंदबाजी की।

प्रसिद्ध ने कहा कि वह लगातार अच्छे प्रदर्शन के लिये मेहनत कर रहे थे जिसका फल मिल रहा है। उन्होंने कहा, निजी तौर पर मैं काफी मेहनत कर रहा था। मुझे खुशी है कि वह मेहनत रंग लाई। मैने एक साल पहले भारत के लिये पदार्पण किया था और मेरा लक्ष्य लगातार अच्छा प्रदर्शन करना था।

उन्होंने कहा, हम सभी मिलकर एक गेंदबाजी ईकाई के रूप में अच्छा प्रदर्शन करना चाहते हैं। हमें पता है कि हमारे पास उम्दा गेंदबाज हैं और हम एक दूसरे से सीख रहे हैं। इसमें कुछ खास नहीं है। मोटेरा की विकेट गेंदबाजों की मददगार है। इससे गेंदबाजों को मदद मिल रही है। सही लैंग्थ से गेंदबाजी करने से सफलता मिली। हमारा शुरूआती लक्ष्य किफायती गेंदबाजी करके दबाव बनाना था जिससे विकेट भी मिलते गए।

उन्होंने सूर्यकुमार यादव की भी तारीफ की जिन्होंने 64 रन बनाये। उन्होंने कहा, उसकी पारी की टाइमिंग अहम थी क्योंकि हम शुरूआती विकेट गंवा चुके थे। वेस्टइंडीज के गेंदबाजों ने अच्छा प्रदर्शन किया। ऐसे में सूर्य की पारी बहुत खास थी। बता दें, भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीसरा और आखिर वनडे मुकाबला 11 फरवरी को अहमदाबाद में ही खेला जाएगा।


Download Android App
Download iOS App



