पेरिस : गत चैंपियन और तीसरी वरीयता प्राप्त रोमानिया की सिमोना हालेप ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुये यूक्रेन की लेसिया सुरेंको को शनिवार को लगातार सेटों में 6-2, 6-1 से हराकर वर्ष के दूसरे ग्रैंड स्लेम फ्रेंच ओपन के प्री क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली। हालेप ने यह मुकाबला मात्र 55 मिनट में समाप्त कर दिया।
उन्होंने आठ बार विपक्षी खिलाड़ी की सर्विस तोड़ी और मैच में 9 विनर्स लगाये। हालांकि उन्होंने तीन बार अपनी सर्विस भी गंवायी। सुरेंको ने मैच में 32 बेजां भूलें और पांच डबल फाल्ट किये जो उनकी हार का सबसे बड़ा कारण रहा। महिलाओं में सातवीं वरीयता प्राप्त अमेरिका की स्लोएंस स्टीफंस ने स्लोवाकिया की पोलोना हर्सोग को दो घंटे 32 मिनट के संघर्ष में 6-3, 5-7, 6-4 से हराकर प्री क्वार्टरफाइनल में जगह बना ली।
पुरूष वर्ग में 22वीं सीड फ्रांस के लुकास पोइली को पांच सेटों के संघर्ष में हार का सामना करना पड़ा। स्लोवाकिया के मार्टिन क्लीजेन ने चार घंटे 7 मिनट तक चले मुकाबले में पोइली को 7-6, 2-6, 6-3, 3-6, 9-7 से पराजित किया और तीसरे दौर में जगह बना ली।


Download Android App
Download iOS App



