क्रिस गेल ने कैरेबियन प्रीमियर लीग में मचाई तबाही, जबरदस्त छक्के से तोड़ दिया शीशा

Summary :

धांसू बल्लेबाज क्रिस गेल अपने आतिशी अंदाज के लिए खूब जाने जाते हैं। ये एक ऐसा बल्लेबाज है जिसके पास गेंद को मैदान के बाहर भेजने से लेकर हवाई शॉट लगाने की भी काबिलियत है।

धांसू बल्लेबाज क्रिस गेल अपने आतिशी अंदाज के लिए खूब जाने जाते हैं। ये एक ऐसा बल्लेबाज है जिसके पास गेंद को मैदान के बाहर भेजने से लेकर हवाई शॉट लगाने की भी काबिलियत है। ऐसा ही कुछ कैरेबियन प्रीमियर लीग (CPL 2021) के मुकाबले में देखने को मिला जब उन्होंने छक्का लगाकर  शीशा ही तोड़ डाला। हालांकि वह 12 ही रन बना पाए और ओशेन थॉमस की गेंद पर बोल्ड हो गए। वहीं गेल की टीम सेंट किट्स एंड नेविस ने इस मुकाबले में बारबाडोस रॉयल्स को गुरुवार को 21 रन से पराजित किया। 
गुरुवार को वॉर्नर पार्क में खेले गए इस मैच में यूनिवर्स बॉस तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी को उतरे। इस दौरान क्रिस गेल ने जेसन होल्डर की गेंद पर शानदार छक्का जड़ा और गेंद सीधे साइटस्क्रीन के ऊपर शीशे पर लगी और शीशा टूट गया।  अब इस धाकड़ खिलाड़ी के ऐसे गजब के छक्के की वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसको सीपीएल के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से पोस्ट किया गया है। 

बता दें, पारी के पांचवें ओवर की पांचवीं गेंद पर क्रिस गेल ने ये बड़ा छक्का लगाया।  बल्लेबाज ने खुद को जगह दी और गेंद को सीधी दिशा में खेला। यह हवाई शॉट साइटस्क्रीन के ऊपर से निकला और शीशे को चकनाचूर कर दिया।
वहीं मैच की बात करें तो सेंट किट्स टीम ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 175 रन जोड़े। टीम की तरफ से शेरफेन रदरफोर्ड ने 43 गेंदों का सामना करते हुए 2 चौकों और 4 छक्कों की बदौलत 53 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली। उनके अलावा कप्तान ड्वेन ब्रावो ने 35 गेंदों पर एक चौके और 4 छक्कों की बदौलत 47 रन बनाए और नाबाद लौटे। 
वहीं दूसरी तरफ 176 रनों का पीछा करने उतरी बारबाडोस की टीम 7 विकेट पर 154 रन ही बना पाई। इस दौरान विकेटकीपर बल्लेबाज शाई होप ने सर्वाधिक 44 रन का योगदान दिया और बारबाडोस के हाथों ये मुकाबला 21 रनों से फिसल गया।

Desk Team