UP : पूर्व IPS अमिताभ ठाकुर हुए गिरफ्तार, रेप के आरोपी की मदद का लगा आरोप

Summary :

अमिताभ ठाकुर पर मुख्तार अंसारी के कहने पर रेप के आरोपी बीएसपी सांसद अतुल राय को बचाने के लिए आपराधिक षड्यंत्र रचने का और पीड़िता को सुसाइड के लिए उकसाने का आरोप है।

उत्तर प्रदेश की राजनीति में एंट्री का ऐलान करने वाले पूर्व IPS अमिताभ ठाकुर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अमिताभ ठाकुर पर मुख्तार अंसारी के कहने पर रेप के आरोपी बीएसपी सांसद अतुल राय को बचाने के लिए आपराधिक षड्यंत्र रचने का और पीड़िता को सुसाइड के लिए उकसाने का आरोप है।
लखनऊ के हजरतगंज थाने में अमिताभ ठाकुर और अतुल राय के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ। जिसके बाद आज पूर्व आईपीएस को लखनऊ के गोमती नगर स्थित आवास से गिरफ्तार कर लिया गया। दरअसल, अतुल राय पर रेप का आरोप लगाने वाली पीड़िता ने 16 अगस्त को सुप्रीम कोर्ट के बाहर अपने दोस्त के साथ खुद को आग लगाकर आत्महत्या की कोशिश की थी। इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई।


ठाकुर की गिरफ्तारी का एक वीडियो भी सामने आया है। इस वीडियो में दर्जनों पुलिस अधिकारी नजर आ रहे हैं, जो जबरन अमिताभ ठाकुर को पुलिस वाहन में बिठा रहे हैं। इस दौरान ठाकुर लगातार पुलिस का विरोध करते हुए कह रहे हैं कि मैं नहीं जाउंगा। लेकिन पुलिस उन्हें गोद में उठाकर वाहन में डाल देती है।

सुप्रीम कोर्ट के बाहर आत्महत्या करने से पहले युवती और उसके मित्र ने फेसबुक लाइव भी किया था। फेसबुक लाइव में पीड़िता और उसके दोस्त ने एसएसपी अमित पाठक, सीओ अमरेश सिंह, दरोगा संजय राय और उनके बेटे विवेक राय, पूर्व आईजी पर भी उत्पीड़न का आरोप लगाया था। पीड़िता ने अमिताभ ठाकुर पर भी आरोप लगाए थे।

Desk Team