कोच रवि शास्त्री इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज का आगाज होने से पहले टीम इंडिया में इस तरह जोश भरते नजर आए,देखें तस्वीरें

Summary :

ऑस्ट्रेलिया को उसी के घर में धूल चटाने के बाद अभी टीम इंडिया के शेर अपनी सरजमीं पर वापस लौट आए हैं।

ऑस्ट्रेलिया को उसी के घर में धूल चटाने के बाद अभी टीम इंडिया के शेर अपनी सरजमीं पर वापस लौट आए हैं। ऐसे में दो दिन बाद यानी शुक्रवार को टीम इंडिया की जंग अंग्रेजों के खिलाफ शुरू होनी है। भारत और इंग्लैंड के बीच चार टेस्ट,पांच टी 20 और तीन वन-डे मैच की सीरीज खेली जानी है। इस टेस्ट सीरीज के पहले दो मैच चेन्नई में होने हैं। वहीं उससे पहले मंगलवार को टीम इंडिया का पहला नेट सत्र हुआ है।
शास्त्री ने टीम के खिलाडिय़ों को किया संबोधित
इस बीच टीम इंडिया के हेड कोच रवि शास्त्री ने अपने जांबाजों को संबोधित किया है। दरअसल चेपॉक स्टेडियम में टीम के साथ शास्त्री की फोटो बीसीसीआई के ऑफिशियल ट्विटर हैंडल से साझा की गई है। जहां से लिखा गया है,चेन्नई में नेट सेशन का हमारा पहला दिन,हेड कोच रवि शास्त्री ने खिलाडिय़ों में जोश भरकर उनका वेलकम किया।

वहीं इससे पहले सोमवार को छह दिन का कड़ा क्वारंटीन पूरा कर लेने के बाद भी टीम के खिलाड़ी आउटडोर सत्र में दिखाई दिए थे। वहीं इंग्लैंड एंव वेल्स क्रिकेट बोर्ड के प्रवक्ता के मुताबिक इंग्लैंड के सभी खिलाडिय़ों के शहर में पहुंच जाने के बाद मंगलवार को दोपहर दो बजे से ट्रेनिंग करने की उम्मीद थी। 
वहीं कप्तान विराट कोहली और ईशांत शर्मा,केएल राहुल भी ऑस्टे्रलिया से लौटने वाली भारतीय टीम से जुड गए हैं। कोहली पितृत्व अवकाश पर गए थे,जबकि ईशांत और केएल राहुल चोट से उबर रहे थे। इन तीनों खिलाडिय़ों के अलावा जसप्रीत बुमराह और आफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन भी अब टीम से जुड़ गए हैं। 
बता दें भारत और इंग्लैंड के बीच शुरूआती दोनों टेस्ट मैच चेन्नई के एमए चिंदबरम स्टेडियम में खेले जाने है। इस बीच पहला टेस्ट पांच से नौ फरवरी तक जबकि दूसरा टेस्ट 13 से 17 फरवरी तक खेला जाना है। वैसे चेन्नई के चिदंबरम स्टेडियम में भारत और इंग्लैंड ने अभी तक नौ टेस्ट मैचों में हिस्सा लिया है,जिसमें से भारत ने पांच मैच अपने नाम किए है,जबकि इंग्लैंड के हिस्से में तीन जीत नसीब हुई।

Desk Team