ऑस्ट्रेलिया के गोल्ड कोस्ट में चल रहे कॉमनवेल्थ खेलों में भारतीय एथलीट्स का शानदार प्रदर्शन जारी है। दूसरे दिन भारतीय वेटलिफ्टर संजीता चानू ने 53 किलो भारवर्ग में सोना जीता है। संजीता ने कुल 192 किलो भार उठाया। उन्होंने 86 किलो स्नैच जबकि 108 किलो क्लीन ऐंड जर्क में सफलतापूर्वक उठाया। बता दें कि संजीता इससे पहले 2014 में हुए कॉमनवेल्थ खेलों में 48 किलो भारवर्ग में भारत को गोल्ड जिता चुकी हैं। वह 2017 में कॉमनवेल्थ वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में भी गोल्ड जीत चुकी हैं।
मणिपुर की संजीता ने एकतरफा प्रदर्शन किया और भारत की झोली में एक और गोल्ड मेडल डाला। चानू ने स्नैच में 84 किलोग्राम का वजन उठाया जोकि गेम रिकार्ड रहा। वहीं क्लीन एंड जर्क में उन्होंने 108 किलोग्राम का वजन उठाया। सिल्वर मेडल पापुआ न्यू गिनी की लाउ डिका ताउ को मिला। उन्होंने कुल 182 किलो वजन उठाया। कनाडा की रचेल लेब्लांग को 181 किलो की वजह से कांस्य पदक मिला। इस जीत के साथ भारत अब पदक तालिका में तीसरे नंबर पर पहुंच गया है। उसके हिस्से दो गोल्ड और एक सिल्वर मेडल हैं। यह तीनों मेडल भारत को वेटलिफ्टिंग में ही मिले हैं। पहले दिन गुरुराज ने भारत का खाता खोलते हुए पुरुषों के 56 किलोग्राम भारवर्ग में रजत पदक जीता था।
भारतीय महिला हॉकी टीम पर रहेगी नजरें
पहले मुकाबले में वेल्स से 3-2 से हारने के बाद आज भारतीय महिला हॉकी टीम मलेशिया के खिलाफ मुकाबले के लिए मैदान पर उतरेगी। मेडल की रेस तक पहुंचने के लिए भारतीय हॉकी टीम को इस मुकाबले में हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी।
रिकॉर्ड ब्रेकर अरुणा रेड्डी पर रहेंगी नजरें
शुक्रवार से महिला जिमनास्ट का अभियान शुरू होगा। भारत की प्रणति दास, अरुणा रेड्डी और प्रणति नायक महिला इंडिविजुअल ऑलराउंड के क्वालिफिकेशन राउंड का हिस्सा लेंगी। रेड्डी जिमनास्टिक विश्व कप में सिंगल्स कैटेगरी में पदक जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी हैं। मेलबर्न में हुए विश्व कप में रेड्डी ने ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया था। उसके बाद से ही उनसे मेडल की उम्मीदें बढ़ गई हैं।
नमन तंवर दिखाएंगे मुक्के का दम
भारतीय युवा बॉक्सर नमन तंवर शुक्रवार को 91 किलोग्राम में उतरेंगे। तंवर ने इस साल इंडियन ओपन में ब्रॉन्ड मेडल हासिल किया था। इससे पहले उन्होंने कजाकिस्तान में गोल्ड मेडल जीता था। इस बार देश को फिर उनसे मेडल की उम्मीद होगी। इसके एक और मुक्केबाज अमित पंघाल मैदान में उतरेंगे।
हमारी मुख्य खबरों के लिए यहां क्लिक करे।


Download Android App
Download iOS App



