मुंबई : भारतीय सलामी बल्लेबाजी में रोहित शर्मा, लोकेश राहुल और शिखर धवन के लय में होने से चयन को लेकर टीम प्रबंधन के लिए मुश्किल स्थिति पैदा कर दी है लेकिन बल्लेबाजी कोच विक्रम राठौड़ ने रविवार को कहा कि यह ‘अच्छी दुविधा’ है। रोहित के लिए साल 2019 शानदार रहा था जहां उन्होंने विश्व कप में पांच शतक लगाये थे।
धवन ने श्रीलंका के खिलाफ खेली गयी टी20 सीरीज में वापसी करते हुए रन बनाकर लय में होने का संकेत दिया। राहुल भी पिछले कुछ समय से शानदार फार्म में चल रहे हैं। राठौड़ ने कहा कि यह दुविधा की स्थिति हमारे लिए अच्छी है। रोहित जाहिर तौर पर इसके लिए सबसे मजबूत विकल्प है। वे दोनों (शिखर और राहुल) भी अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं। शिखर ने एकदिवसीय में अच्छा प्रदर्शन किया है और राहुल शानदार लय में है।
जब जरूरत होगी हम इससे निपटेंगे। उन्होंने आस्ट्रेलिया के खिलाफ यहां खेले जाने वाले शुरूआती एकदिवसीय से पहले कहा कि आस्ट्रेलिया के खिलाफ एकदिवसीय श्रृंखला शुरू होने में अभी दो दिनों का समय बचा है। प्रबंधन इस पर फैसला करेगा। आस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज 14 जनवरी से यहां शुरू होगी। दूसरा एकदिवसीय राजकोट में 17 जनवरी और तीसरा बेंगलुरू में 19 जनवरी को खेला जाएगा।


Download Android App
Download iOS App



