कोलकाता : कप्तान रविचंद्रन अश्विन अपने ‘मांकडिंग’ विवाद को पीछे छोड़ बुधवार को यहां घरेलू टीम कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ अपनी टीम किंग्स इलेवन पंजाब को जीत दिलाने उतरेंगे। आईपीएल टूर्नामेंट में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच में पंजाब ने 14 रन से जीत दर्ज करते हुये विजयी शुरूआत की लेकिन टीम के कप्तान अश्विन के एक फैसले से विपक्षी टीम के खिलाड़ी जोस बटलर रन आउट हो गये और बाद में यही विवाद की वजह बन गया। इस फैसले के बाद मैच तो समाप्त हो गया है लेकिन चौतरफा बहस अश्विन के ‘फेयरप्ले’ को लेकर पैदा हो गयी है।
हालांकि अश्विन का यह फैसला बाद में टीम को फायदेमंद साबित हुआ जिसने राजस्थान को 170 पर रोकते हुये 14 रन के करीबी अंतर से मैच जीत लिया। ऐसे में पंजाब के कप्तान की कोशिश रहेगी कि वह केकेआर के खिलाफ भी अपनी लय को बरकरार रख सके जिसने अपना पिछला मैच सनराइजर्स हैदराबाद से छह विकेट से जीता था। केकेआर के लिये फायदेमंद यह भी रहेगा कि वह लगातार दूसरा मैच अपने घरेलू मैदान पर खेलने जा रही है और उसके लिये एक बार फिर घरेलू परिस्थितियों का फायदा रहेगा।
अश्विन को लेकर हो रही आलोचना के बीच पंजाब के लिये हालांकि जीत के बावजूद अगले मैच में नयी शुरूआत और जीत की लय को बनाये रखना चुनौतीपूर्ण होगा। पंजाब के लिये पिछले मैच में क्रिस गेल सबसे सफल बल्लेबाज रहे थे जिन्होंने 47 गेंदों में आठ चौके और चार छक्के लगाकर 79 रन की पारी खेली थी। हालांकि उन्हीं के टीम साथी आंद्रे रसेल केकेआर के अहम खिलाड़ी हैं और अगले मैच में दोनों के बीच मुकाबला देखने वाला रहेगा।
ब्रिटेन में 30 मई से होने वाले आईसीसी विश्वकप के बाद वनडे से संन्यास लेने जा रहे कैरेबियाई तूफान गेल इस समय कमाल की फार्म में हैं और इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की वनडे सीरीज में भी उनका प्रदर्शन काबिले तारीफ रहा था। आईपीएल के सबसे धुंआधार खिलाड़ी गेल निश्चित ही पंजाब के बल्लेबाजी क्रम की सबसे बड़ी ताकत हैं और केकेआर के गेंदबाजों के लिये वह खतरा रहेंगे।


Download Android App
Download iOS App



