Damien Martyn in Coma: क्रिकेट जगत के लिए एक बेहद बुरी खबर सामने आई है। 54 शतक ठोकने वाले ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज बल्लेबाज डैमियन मार्टिन इस वक्त अस्पताल में भर्ती हैं और जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं। ऑस्ट्रेलियाई मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिमागी बुखार के इलाज के दौरान वह कोमा में चले गए हैं। यह खबर सामने आते ही क्रिकेट फैंस के साथ-साथ पूरी क्रिकेट बिरादरी सदमे में है।
Damien Martyn in Coma: सामने आई बुरी खबर

ऑस्ट्रेलियाई अखबार ‘द सिडनी मॉर्निंग हेराल्ड’ ने इस खबर की पुष्टि पूर्व विकेटकीपर एडम गिलक्रिस्ट के हवाले से की है। रिपोर्ट के अनुसार, डैमियन मार्टिन पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा था। इसी दौरान दवाओं के रिएक्शन की वजह से वह कोमा में चले गए। हालांकि डॉक्टर लगातार उनकी हालत पर नजर बनाए हुए हैं और उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में उनकी स्थिति में सुधार हो सकता है।
गिलक्रिस्ट ने दी जानकारी

एडम गिलक्रिस्ट ने बताया कि मार्टिन को बेहतरीन मेडिकल केयर मिल रही है और उनके चाहने वाले लगातार उनके लिए दुआ कर रहे हैं। उनके साथ खेल चुके कई दिग्गज क्रिकेटर्स भी इस मुश्किल वक्त में उनके साथ खड़े हैं। सोशल मीडिया पर ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के कई बड़े नामों ने उनके जल्द ठीक होने की कामना की है। आर अश्विन ने भी एक पोस्ट शेयर कर दुख जाहिर किया और मार्टिन के जल्द ठीक होने की कामना की है।
एक हफ्ते से थे बीमार

बताया जा रहा है कि डैमियन मार्टिन करीब एक हफ्ते से बीमार थे, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल वह डॉक्टरों की निगरानी में हैं और उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। इसी वजह से पूरा क्रिकेट जगत चिंतित है और हर कोई उनके जल्द स्वस्थ होने की उम्मीद कर रहा है।
डैमियन मार्टिन ने 1991-92 से लेकर 2010 तक क्रिकेट खेला और इस दौरान उन्होंने कुल 509 मुकाबलों में 23 हजार से ज्यादा रन बनाए। उनके नाम कुल 54 शतक दर्ज हैं, जिनमें 44 फर्स्ट क्लास और 10 लिस्ट ए क्रिकेट में आए। इंटरनेशनल करियर की बात करें तो उन्होंने 279 मैचों में करीब 10 हजार रन बनाए, जिसमें 18 शतक शामिल हैं। टेस्ट क्रिकेट में उनके नाम 13 और वनडे में 5 शतक दर्ज हैं। ऐसे महान खिलाड़ी की इस हालत ने हर क्रिकेट प्रेमी को दुखी कर दिया है।
Also Read: पूर्व PM की मौत से सदमे में आया पूरा देश, क्रिकेट बोर्ड ने रद्द किए सभी मैच


Download Android App
Download iOS App




