Fitness Update on Abhishek Sharma: भारत-पाकिस्तान महामुकाबले से पहले टीम इंडिया के फैंस के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। नामीबिया के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2026 का मुकाबला मिस करने वाले सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा अब पहले से बेहतर महसूस कर रहे हैं और पाकिस्तान के खिलाफ मैदान पर उतर सकते हैं। हालांकि, उनकी वापसी पूरी तरह फिटनेस पर निर्भर करेगी।
ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के लिए मशहूर अभिषेक पेट के इन्फेक्शन की वजह से अनफिट थे और उन्हें दो दिन अस्पताल में भी भर्ती रहना पड़ा। बुधवार को उन्हें छुट्टी मिली। भारत को 15 फरवरी को कोलंबो में पाकिस्तान से भिड़ना है और इस हाई-वोल्टेज मुकाबले से पहले उनकी फिटनेस पर सबकी नजरें टिकी हैं।
Fitness Update on Abhishek Sharma: फिटनेस पर आया अपडेट

स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने अभिषेक की हालत को लेकर सकारात्मक संकेत दिए हैं। नामीबिया के खिलाफ शानदार गेंदबाजी (2 ओवर में 7 रन देकर 3 विकेट) के बाद चक्रवर्ती ने कहा, “मुझे लगता है कि अभिषेक अगला मैच खेल सकता है। मैंने उससे बात की है, वह बेहतर लग रहा है। उसने आज थोड़ा अभ्यास भी किया और बताया कि वह वापसी की प्रक्रिया में है।”

हालांकि, कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस के समय कहा था कि अभिषेक को पूरी तरह फिट होने में थोड़ा समय लग सकता है और वह एक-दो मैच मिस कर सकते हैं। अमेरिका के खिलाफ पहले मैच में वह पहली ही गेंद पर आउट हो गए थे और बाद में तबीयत बिगड़ने के कारण मैदान पर नहीं उतरे। उनकी गैरमौजूदगी में संजू सैमसन ने ईशान किशन के साथ ओपनिंग की और 8 गेंदों में 22 रन बनाकर तेज शुरुआत दिलाई।

वहीं नामीबिया के खिलाफ मुकाबले में भारत ने 209/9 का बड़ा स्कोर खड़ा किया और 93 रन से जीत दर्ज की। इस जीत के साथ भारत ने लगातार दूसरी जीत हासिल की। वरुण चक्रवर्ती ने नामीबिया के कप्तान गेरहार्ड इरास्मस की भी तारीफ की, जिन्होंने 20 रन देकर 4 विकेट लिए और भारतीय बल्लेबाजों को बीच के ओवरों में बांधे रखा।
अब सबकी नजरें अभिषेक की अंतिम फिटनेस टेस्ट पर होंगी। अगर वह पूरी तरह फिट पाए जाते हैं, तभी पाकिस्तान के खिलाफ इस बड़े मुकाबले में उन्हें प्लेइंग इलेवन में जगह मिलेगी।
Also Read: IND vs PAK मुकाबले से पहले भारतीय टीम ने पाकिस्तान को पछाड़ा, रोमांचक हुई सुपर 8 की रेस























