भारत ने गॉल टेस्ट मैच में श्रीलंका को 165 रन से हराकर शानदार जीत दर्ज की है। टीम इंडिया ने श्रीलंका के सामने 372 रन का टारगेट रखा था, लेकिन मेजबान टीम दूसरी पारी में 206 रन पर ही सिमट गई। इस जीत के सबसे बड़े हीरो युवा स्पिनर मानव सुतार रहे, जिन्होंने अपने करियर के सिर्फ दूसरे टेस्ट में 10 विकेट लेने का शानदार कारनामा किया। सुतार ने पहली पारी में 4 विकेट हासिल किए थे, जबकि दूसरी पारी में उन्होंने 6 बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया। उनके बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत भारत ने मुकाबले पर अपनी पकड़ बनाए रखी और आखिर में 165 रन से जीत हासिल की।
2015 के बाद श्रीलंका पर भारत की लगातार नौवीं जीत

इस जीत के साथ भारत ने श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में अपना दबदबा कायम रखा है। साल 2015 के बाद से श्रीलंका भारत को टेस्ट मैच में नहीं हरा पाया है। दोनों टीमों के बीच इस दौरान 11 टेस्ट खेले गए, जिनमें भारत ने 9 मुकाबले जीते, जबकि 2 मैच ड्रॉ रहे। इस तरह श्रीलंका के खिलाफ भारत की जीत का सिलसिला लगातार नौ टेस्ट तक पहुंच गया है।
372 रन का टारगेट चेज़ नहीं कर पाया श्रीलंका

वहीं चौथे दिन भारत की दूसरी पारी 193 रन पर खत्म हो गई थी। हालांकि, पहली पारी में मिली 178 रन की बड़ी बढ़त की वजह से टीम इंडिया ने श्रीलंका के सामने 372 रन का चैलेंजिंग टारगेट रखा। गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में इससे पहले सबसे बड़ा सक्सेसफुल रन चेज 342 रन का रहा था। ऐसे में श्रीलंका के सामने इतिहास रचने की चुनौती थी, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने उसे कोई मौका नहीं दिया और पूरी टीम 206 रन पर आउट हो गई।
मानव सुतार ने दूसरे टेस्ट में ही किया कमाल

वहीं मानव सुतार ने अपने दूसरे ही टेस्ट मैच में 10 विकेट लेकर सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। पहली पारी में 4 विकेट लेने के बाद उन्होंने दूसरी पारी में 6 विकेट हासिल किए। दूसरी पारी के 76वें ओवर में सुतार ने लगातार तीन गेंदों पर तीन बल्लेबाजों को आउट करके मुकाबले का रुख पूरी तरह से भारत के फेवर में कर दिया। उनके प्रदर्शन के बाद उन्हें इंडियन क्रिकेट का अगला रवींद्र जडेजा भी कहा जाने लगा है।
गॉल में 10 विकेट लेने वाले तीसरे भारतीय

सुतार ने गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में एक खास रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है। उनसे पहले सिर्फ रविचंद्रन अश्विन और हरभजन सिंह ही इस मैदान पर एक टेस्ट में 10 विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज थे। अब सुतार भी इस लिस्ट में शामिल होने वाले तीसरे भारतीय बन गए हैं। इसके अलावा वह गॉल में 10 विकेट लेने वाले बाएं हाथ के सिर्फ दूसरे विदेशी गेंदबाज हैं। उनसे पहले ऑस्ट्रेलिया के मिचेल स्टार्क ने 2016 में श्रीलंका के खिलाफ 11 विकेट लेकर यह अचीवमेंट हासिल की थी।
देवदत्त पडिक्कल की शतकीय पारी भी रही अहम

हालांकि मानव सुतार ने गेंद से मैच का रुख बदला, लेकिन भारत की जीत की नींव पहली पारी में देवदत्त पडिक्कल की शानदार बल्लेबाजी ने रखी थी। पडिक्कल ने पहली पारी में 167 रन की बेहतरीन पारी खेली और दूसरी पारी में भी 44 रन बनाकर टीम के स्कोर को मजबूती दी। उनकी शानदार बल्लेबाजी ने भारत को पहली पारी में 178 रन की बेहतरीन बढ़त दिलाने में बड़ा रोल निभाया।
जडेजा ने भी बनाया बड़ा रिकॉर्ड

गॉल टेस्ट इंडियन ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा के लिए भी खास रहा। उन्होंने मैच के दौरान टेस्ट क्रिकेट में 350 विकेट पूरे करने की अचीवमेंट हासिल की। इस तरह भारत की जीत में पडिक्कल की बल्लेबाजी, सुतार की घातक गेंदबाजी और जडेजा के शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन का अहम योगदान रहा। जिसके बाद टीम इंडिया ने एक बार फिर श्रीलंका के खिलाफ अपना दबदबा साबित करते हुए 165 रन से मुकाबला अपने नाम कर लिया।
Read More: कब होगी Kavya Maran की शादी?, जानें दूल्हे के नाम से लेकर वेन्यू तक पूरी डिटेल्स


Download Android App
Download iOS App




