इतिहास रच सकते हैं RCB के नए कप्तान रजत पाटीदार, यह खिलाड़ी होगा X फेक्टर

Summary :

RCB के नए कप्तान रजत पाटीदार का पहला मैच कोलकाता के खिलाफ

आईपीएल 2025 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के नए कप्तान रजत पाटीदार इतिहास रच सकते हैं। पिछले सीजन में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से प्रभावित करने वाले पाटीदार इस बार टीम की कमान संभालेंगे। टीम के पास विराट कोहली, लियाम लिविंगस्टोन, और अनुभवी गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार जैसे खिलाड़ी हैं, जो उन्हें खिताब जीतने में मदद कर सकते हैं। पाटीदार के नेतृत्व में टीम का प्रदर्शन देखने लायक होगा।

क्रिकेट प्रेमियों के लिए खुशखबरी है। चैंपियंस ट्रॉफी के बाद शनिवार 22 मार्च से आईपीएल 2025 का आगाज होने जा रहा है। पहला मैच रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) बनाम कोलकाता नाइटराइडर्स(केकेआर) के बीच कोलकाता के ईडन गार्डन्स मैदान होगा।

क्रिकेट प्रेमियों को यह जानना जरूरी है कि इस बार दोनों टीम अपने नए कप्तान के साथ मैदान में होगी। जहां कोलकाता टीम की कमान अनुभवी अजिंक्य रहाणे पर होगी तो वहीं, पिछले सीजन में अपनी बल्लेबाजी से धाक जमाने वाले रजत पाटीदार इस बार रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का नेतृत्व करते नजर आएंगे। रजत पाटीदार के नेृतृत्व में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम काफी संतुलित दिख रही है। टीम की बल्लेबाजी की बात करे तो उनके पास रन मशीन विराट कोहली हैं, जो टीम को अच्छी शुरुआत दिलाने के लिए इस सीजन भी पहले बल्लेबाजी करते हुए नजर आएंगे। उनके साथ फिल साल्ट, लियाम लिविंगस्टोन, जितेश शर्मा और कप्तान रजत पाटीदार बल्लेबाजी क्रम को मजबूती देने के लिए होंगे।

Virat Kohli with Rajat Patidar

रजत पाटीदार अब तक टीम में एक फिनिशर की भूमिका में गत सत्रों में खेलते हुए नजर आए हैं। उन्होंने कुछ ऐसी पारियां खेली हैं जिसके दम पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के मैनेजमेंट ने उन्हें इस बार टीम की कमान देने का फैसला किया। रजत पाटीदार की कप्तानी में अगर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु आईपीएल 2025 का खिताब जीतने में कामयाब होती है तो यह उनके साथ उनकी टीम के लिए इतिहास बन जाएगा।

रजत पाटीदार पहले ऐसे कप्तान बन जाएंगे, जिनके नेतृत्व में टीम फाइनल जीतेगी। हालांकि, विराट कोहली से लेकर अब तक कई खिलाड़ियों को टीम की कमान दी गई। लेकिन, फाइनल जीतने का स्वाद टीम अब तक नहीं चख पाई है। टीम को भरोसा है कि नए कप्तान के नेतृत्व में टीम सिर्फ अच्छा प्रदर्शन ही नहीं बल्कि, खिताब जीतने के लिए प्रबल दावेदार होगी।

Rajat Patidar

बल्लेबाजी में हर सीजन में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु एक मजबूत टीम रही है। टीम ने कई बार पहले बल्लेबाजी करते हुए 200 प्लस का स्कोर भी खड़ा किया। लेकिन, कमजोर गेंदबाजी के चलते टीम को कई अहम मैच गंवाने पड़े। जिसकी वजह से टीम प्लेऑफ की रेस से भी बाहर हुई। हालांकि, इस बार टीम के पास एक संतुलित गेंदबाजी क्रम है। टीम के पास इस सीजन में अनुभवी भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड के साथ भारतीय तेज गेंदबाज यश दयाल की तिकड़ी होगी। इसके अलावा स्पिन के क्षेत्र में क्रुणाल पांड्या, लियाम लिविंगस्टोन, टिम डेविड 4 ओवर का स्पैल करते हुए नजर आएंगे।

टीम के लिए एक्स फेक्टर का रोल टिम डेविड और जितेश शर्मा निभा सकते हैं। इन दोनों खिलाड़ियों ने आईपीएल के पूर्व सत्रों में अपनी-अपनी टीमों को अपनी घातक बल्लेबाजी के दम पर मैच जिताए हैं। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को उनसे इस सीजन मैच जिताऊ पारी खेलने की उम्मीद रहेगी।

Rajat Patidar

बता दें कि रजत पाटीदार पिछले सीजन में काफी आक्रामक बल्लेबाज के तौर पर सामने आए हैं। हालांकि, इस सीजन उन्हें सिर्फ अच्छी बल्लेबाजी ही नहीं बल्कि टीम का नेतृत्व भी करना है। कप्तानी के दबाव में वह कैसी बल्लेबाजी करेंगे यह तो आने वाले दिनों में पूरी तस्वीर साफ हो जाएगी।

पाटीदार की अग्निपरीक्षा पहले मैच में कोलकाता के खिलाफ होने वाली है। पाटीदार के आईपीएल करियर पर नजर डाले तो उन्होंने साल 2022 में लखनऊ के खिलाफ 54 गेंदों में शानदार 112 रनों की पारी खेली थी। पाटीदार का यह प्रदर्शन उन्हें इस सीजन में एक आक्रामक खिलाड़ी के तौर पर सामने लाया है। वह इस टूर्नामेंट में बेंगलुरु के लिए तीसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी थे। पाटीदार ने 152.75 की स्ट्राइक रेट से 333 रन बनाए थे।

–आईएएनएस

आईपीएल 2025: ईडन गार्डन्स में आरसीबी के खिलाफ जीत की लय बनाए रखने की तैयारी में केकेआर

Darshna Khudania