रिंकू सिंह को कमान, दूसरी बार ट्रॉफी पर नज़र

Summary :

रिंकू सिंह ने संभाली कप्तानी, टीम की नजरें दूसरी ट्रॉफी पर

भारत के विस्फोटक बल्लेबाज रिंकू सिंह को आगामी विजय हजारे एक दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट के लिए शुक्रवार को उत्तर प्रदेश की टीम का कप्तान बनाया गया। वह पहली बार किसी स्टेट लेवल टूर्नामेंट में कप्तानी करते हुए नज़र आएंगे। वह भुवनेश्वर कुमार की जगह लेंगे जिन्होंने हाल में समाप्त हुई सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में उत्तर प्रदेश की कमान संभाली थी। आपको बता दें कि रिंकू सिंह को पहले भी कप्तानी करते हुए देखा जा चुका है। इस साल की शुरुआत में उन्होंने मेरठ मेवरिक्स की कप्तानी की थी। रिंकू ने अपनी कप्तानी में मेरठ को यूपीटी20 लीग का खिताब भी जीताया था। अब जरूर वह अपनी नई भूमिका को लेकर काफी उत्साहित होंगे।

ईएसपीएनक्रिकइंफो के अनुसार रिंकू ने कहा,

‘‘यूपीटी20 लीग में मेरठ मेवरिक्स की अगुवाई करना मेरे लिए बहुत बड़ा मौका था और मुझे खुशी है कि मैं अपनी भूमिका अच्छी तरह से निभाने में सफल रहा।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैंने वास्तव में कप्तानी का पूरा आनंद लिया क्योंकि इससे मुझे कई नई चीज़ सीखने को मिली।’’

आईपीएल में रिंकू कोलकाता नाइट राइडर्स की तरफ से खेलते हैं। इस फ्रेंचाइजी ने रिंकू के अलावा सुनील नारायण, आंद्रे रसेल, वरुण चक्रवर्ती और रमनदीप सिंह को रिटेन किया था। रिंकू ने अभी तक लिस्ट ए के 52 मैच में 1899 रन बनाए हैं। उत्तर प्रदेश विजय हजारे ट्रॉफी में अपना पहला मैच 21 दिसंबर को जम्मू कश्मीर के खिलाफ खेलेगा।

Ravi Kumar

I have a vision to prepare myself as well as others in such a way that our tomorrow becomes wonderful.