कोलंबो : शार्दुल ठाकुर को बखूबी पता है कि सीमित ओवरों की टीम में उन्हें आसानी से मौके नहीं मिलेंगे और यही वजह है कि भुवनेश्वर कुमार और जसप्रीत बुमराह की गैर मौजूदगी में वह तीसरे तेज गेंदबाज की भूमिका पूरी शिद्दत से निभाने को तत्पर हैं। ठाकुर के चार विकेट की मदद से भारत ने यहां निदाहास ट्रॉफी टी 20 त्रिकोणीय सीरीज के मैच में श्रीलंका को 6 विकेट से हराया। बैकअप तेज गेंदबाज होने की चुनौतियों के बारे में पूछने पर ठाकुर ने कहा कि मैने पहले भी एक बात कही है कि मुझे चुनौतियों का सामना करना पसंद है। मैं इसे चुनौती की तरह ले रहा हूं।
उन्होंने कहा कि टीम में अगर बाकी सीनियर गेंदबाज नहीं है तो मुझे अतिरिक्त प्रयास करने होंगे । मैं पहले भी रणजी ट्रॉफी में मुंबई के लिये जहीर खान, धवल कुलकर्णी और अजित अगरकर की जगह खेल चुका हूं। भुवनेश्वर समेत कई भारतीय गेंदबाज ‘नेकल बाल’ (धीमी गेंद का एक प्रकार) खूब डाल रहे हैं जिसका ईजाद जहीर ने किया था लेकिन ठाकुर ने कहा कि उन्होंने यह कला खुद सीखी है। उन्होंने कहा कि जहीर ने इसकी शुरूआत की लेकिन मैने उनके ज्यादा वीडियो नहीं देखे हैं। मुझे हमेशा से पता था कि गेंद पर पकड़ क्या होती है और मैने इसके बाद खुद इसे सीखा।
अधिक जानकारियों के लिए बने रहिये पंजाब केसरी के साथ।


Download Android App
Download iOS App



