साउथम्पटन : इंग्लैंड के कप्तान जो रूट ने चौथे टेस्ट में 60 रन की जीत से पांच मैचों की सीरीज में 3-1 की विजयी बढ़त बनाने के बाद कहा कि भारत के खिलाफ मौजूदा सीरीज दर्शाती है कि टेस्ट क्रिकेट जिंदा है और आगे बढ़ रहा है। रूट ने कहा कि मुझे लगता है कि यह टेस्ट क्रिकेट के लिए काफी अच्छे संकेत हैं। यह दर्शाता है कि टेस्ट क्रिकेट अब भी जिंदा है और आगे बढ़ रहा है- यह खेल का शीर्ष है। उन्होंने कहा कि भारत को श्रेय जाता है- उन्होंने इस मैच में ही नहीं बल्कि पूरी सीरीज में कुछ शानदार क्रिकेट खेला।
स्वदेश में लोगों को देखकर खुशी होगी कि पहले और इस मैच में उन्होंने कितनी अच्छी चुनौती दी, कैसे मैच में उतार चढ़ाव आए। रूट ने कहा कि गेंदबाजी में इतने सारे विकल्प होने के कारण उन्हें जीत का भरोसा था। इंग्लैंड ने दुनिया की नंबर एक टीम भारत को दोनों पारियों में 273 और 184 रन पर आउट करके जीत दर्ज की। उन्होंने कहा कि मुझे महसूस हुआ कि मेरे पास बेहद अधिक विकल्प हैं और आक्रमण में विविधता भी है।
अब सीरीज में मजा आएगा : रूट
इस मैच में गेंद दोनों ओर स्पिन कराने का विकल्प था, बायें हाथ का कोण और तीन शानदार सीम गेंदबाज जो सभी अलग-अलग चीजें कर सकते हैं। इंग्लैंड के कप्तान ने साथ ही कहा कि उनकी टीम 245 रन का लक्ष्य देने के बाद जीत को लेकर आश्वस्त थी। रूट ने कहा कि जब मैं बल्लेबाजी कर रहा था तो मैंने सोचा कि 190 अच्छा स्कोर रहेगा। लेकिन हम 230-240 रन से अधिक बनाने में सफल रहे जो शानदार प्रयास था और यह काफी मुश्किल लक्ष्य साबित हुआ।


Download Android App
Download iOS App



