दलीप ट्रॉफी में वैभव सूर्यवंशी का प्रदर्शन भले ही बल्ले से उम्मीद के मुताबिक ना रहा हो, लेकिन अपनी गेंदबाजी से उन्होंने अचानक सबको चौंका दिया है। ईस्ट जोन की ओर से पारी की शुरुआत करने उतरे वैभव सिर्फ 8 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। हालांकि बाद में गेंद हाथ में आते ही उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया और महज चार गेंदों के अंदर दो विकेट झटक लिए।
ईस्ट जोन ने बनाया 467 रन का विशाल स्कोर

ईस्ट जोन और नॉर्थ ईस्ट जोन के बीच खेले जा रहे क्वार्टर फाइनल मुकाबले में ईस्ट जोन ने पहले बल्लेबाजी की। वहीं ओपनिंग करने उतरे वैभव सूर्यवंशी से बड़ी पारी की उम्मीद थी, लेकिन वह सिर्फ 6 गेंदों पर 8 रन बनाकर आउट हो गए, उनकी पारी में दो चौके शामिल रहे। वैभव के जल्दी आउट होने के बावजूद ईस्ट जोन ने बड़ा स्कोर खड़ा किया। टीम ने पहली पारी में 467 रन बनाए। सुदीप कुमार ने 146 रन की शानदार पारी खेली, जबकि शहबाज अहमद ने 167 रन बनाकर टीम के स्कोर को बड़े मार्जिन तक पहुंचाया।
Vaibhav Sooryavanshi Takes Wicket: चार गेंदों में दो विकेट लेकर चौंकाया

फिर 467 रन के जवाब में नॉर्थ ईस्ट जोन की पहली पारी महज 111 रन पर सिमट गई। इसके बाद उसे फॉलोऑन खेलना पड़ा, ऐसे में दूसरी पारी के दौरान भी नॉर्थ ईस्ट जोन की हालत खराब नजर आई। इसी दौरान ईस्ट जोन के कप्तान ईशान किशन ने वैभव सूर्यवंशी को गेंद थमाई। वहीं वैभव ने भी इस मौके का पूरा फायदा उठाते हुए लगातार चार गेंदों में दो विकेट हासिल कर लिए। उन्होंने किशन लिंगदोह और इमलीवती लेमटूर को अपना शिकार बनाया। कुल मिलाकर तीन ओवर में 11 रन देकर दो विकेट वैभव के नाम रहे।
सेमीफाइनल में मिल सकता है एक और मौका
VAIBHAV SOORYAVANSHI, THE BOWLER 🔥
– Sooryavanshi picks 2 wickets in 4 balls in Duleep Trophy Quarter-Final. pic.twitter.com/G5pfCmFXYF
— Johns. (@CricCrazyJohns) August 25, 2026
ईस्ट जोन की टीम इस मुकाबले में जीत के बेहद करीब दिखाई दे रही है। क्वार्टर फाइनल जीतने के बाद टीम सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी, जिससे वैभव सूर्यवंशी को आगे एक और मुकाबले में अपनी बल्लेबाजी साबित करने का मौका मिल सकता है। वैभव की सबसे बड़ी ताकत उनकी बल्लेबाजी है और अगले मुकाबले में उनसे बड़ी पारी की उम्मीद होगी। हालांकि दलीप ट्रॉफी के इस मैच में उनकी गेंदबाजी ने यह जरूर दिखा दिया कि जरूरत पड़ने पर वह गेंद से भी टीम के लिए अच्छा प्रदर्शन कर सकते हैं।
Read More: कब और कहां खेले जाएंगे भारत-अफगानिस्तान के बीच मुकाबले?, देखें टी-20 सीरीज का पूरा शेड्यूल


Download Android App
Download iOS App




