कोलकाता : दिल्ली डेयरडेविल्स की कप्तानी छोड़ने के बाद गौतम गंभीर ने वर्तमान इंडियन प्रीमियर लीग में टीम के निराशाजनक प्रदर्शन की जिम्मेदारी लेते हुए दो करोड़ 80 लाख रूपये का अपना पूरा वेतन नहीं लेने का फैसला किया है। यह संभवत : पहला अवसर है जबकि आईपीएल टीम के किसी कप्तान ने अच्छा प्रदर्शन नहीं करने के कारण अपना वेतन नहीं लेने का फैसला किया है। दिल्ली डेयरडेविल्स को अपने छह मैचों में से पांच में हार का सामना करना पड़ा। इनमें कप्तान गंभीर केवल 85 रन बना पाये जिसमें एक अर्धशतक भी शामिल है। इसके बाद गंभीर ने कप्तानी छोड़ने का फैसला किया। इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी रखने वाले एक सूत्र ने पीटीआई से गोपनीयता की शर्त पर कहा , ‘‘ गौतम ने फैसला किया है कि वह इस सत्र में फ्रेंचाइजी से कोई वेतन नहीं लेगा। वह आईपीएल में दिल्ली डेयरडेविल्स के बाकी मैचों में खेलने के लिये पैसा नहीं लेगा। ’’
उन्होंने कहा , ‘‘ गौतम ऐसा व्यक्ति है जिसके लिये सम्मान सर्वोपरि है। वह कोई पैसा नहीं लेना चाहता है कि यह उनका निजी फैसला है। यहां तक कि वह किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ मैच के तुरंत बाद ही हटना चाहता था। ’’ गंभीर एक खिलाड़ी के रूप में सत्र के बाकी मैचों के लिये उपलब्ध रहेंगे और आईपीएल समाप्त होने के बाद अपने भविष्य पर फैसला करेंगे। गंभीर से मीडिया से बातचीत में कहा , ‘‘ मैं नहीं जानता। इस पर फैसला करना अभी मेरे लिये बहुत जल्दी होगी। मुझे इस पर सोच विचार करने दो फिर फैसला करूंगा। मुझे देखना होगा कि मेरा खेल किस दिशा में आगे बढ़ रहा है। ’’
अधिक जानकारियों के लिए बने रहिये पंजाब केसरी के साथ।


Download Android App
Download iOS App



