दिल्ली कैपिटल्स का डेथ ओवरों में प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा : रिकी पोंटिंग

Summary :

दिल्ली कैपिटल्स के मुख्य कोच रिकी पोंटिंग ने डैथ ओवरों में अपने गेंदबाजों के प्रदर्शन पर निराशा जताते हुए कहा कि अब फाइनल में पहुंचने के लिए एक टीम के रूप में उन्हें सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा।

दिल्ली कैपिटल्स के मुख्य कोच रिकी पोंटिंग ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ आईपीएल के पहले क्वालीफायर में डैथ ओवरों में अपने गेंदबाजों के प्रदर्शन पर निराशा जताते हुए कहा कि अब फाइनल में पहुंचने के लिए एक टीम के रूप में उन्हें सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा। दिल्ली का सामना दूसरे क्वालीफायर में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलौर और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच होने वाले मैच के विजेता से होगा।
पोंटिंग ने मैच के बाद प्रेस कांफ्रेंस में कहा ,‘‘ पहले कुछ ओवर में हमारा प्रदर्शन अच्छा था जब उनका स्कोर 4 विकेट पर 120 रन था। हमें लगा कि 170 का स्कोर बनेगा जो हम हासिल कर लेंगे।’’दिल्ली ने आखिरी 5 ओवरों में 78 रन दिए। पोंटिंग ने कहा,‘‘आखिरी 4 -5 ओवरों में हमारा प्रदर्शन बहुत खराब रहा। हमने हार्दिक पांड्या को उसकी मनचाही गेंदें डाली। ईशान किशन ने भी इस सत्र में हमारे खिलाफ अच्छा प्रदर्शन किया है। 
हम पूरे टूर्नामेंट में अच्छी रणनीति बनाकर उस पर अमल करते रहे लेकिन इस मैच में दबाव के आगे हम रणनीति पर अमल नहीं कर पाए।’’उन्होंने कहा ,‘‘पृथ्वी शॉ अच्छी गेंद पर आउट हुआ। अजिंक्य रहाणे जिस गेंद पर आउट हुए, वह भी बेहतरीन थी। शिखर धवन को जसप्रीत बुमराह ने जिस यॉर्कर पर बोल्ड किया, वह आला दर्जे की थी।’’उन्होंने कहा ,‘‘अगले मैच में 2 दिन का समय है। हमें एक ईकाई के रूप में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा।’’

Ujjwal Jain