IPL 2022: दिल्ली कैपिटल्स इन चार खिलाड़ियों को कर सकती है रिटेन, ये धाकड़ बल्लेबाज होगा बाहर?

Summary :

आईपीएल 2022 के शुरू होने से पहले खिलाड़ियों के रिटेन करने की बातें शुरू हो गई हैं। इस दौरान एक खबर सामने यह भी आ रही है कि दिल्ली कैपिटल्स ने चार खिलाड़ियों को रिटेन करने का फैसला किया है।

आईपीएल 2022 के शुरू होने से पहले खिलाड़ियों के रिटेन करने की बातें शुरू हो गई हैं। इस दौरान एक खबर सामने यह भी आ रही है कि दिल्ली कैपिटल्स ने चार खिलाड़ियों को रिटेन करने का फैसला किया है। एक हालिया रिपोर्ट के मुताबिक इसमें विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत,ऑलराउंडर अक्षर पटेल, पृथ्वी शॉ और तेज गेंदबाज एनरिक नॉर्किया के नाम शामिल हैं।
वैसे अभी तो रिटेन किए गए खिलाड़ियों को लेकर दिल्ली कैपिटल्स की तरफ से आधिकारिक बयान आने का इंतजार है। वहीं आईपीएल 2022 के मेगा ऑक्शन से पहले रिटेंशन की आखिरी तारीख 30 नवंबर है। ऐसे में इस अंतिम तारीख तक सभी टीमों को अपने रिटेन किए हुए खिलाड़ियों की जानकारी देनी होगी। 
बता दें, एक टीम अधिकतम चार खिलाड़ियों को रिटेन कर सकती है। वहीं इस बार राइट टू मैच कार्ड नहीं रहेगा। इसका मतलब ये हुआ कोई भी खिलाड़ी ऑक्शन में गया तो उसे दोबारा अपने साथ लेने के लिए खरीदना ही पड़ेगा। 
यही नहीं इस रिपोर्ट में बताया गया है पहले टीम के कप्तान रहे श्रेयस अय्यर को रिलीज कर दिया गया है। इसके पीछे यह कारण रहा है कि अय्यर टीम की कमान संभाला चाहते थे, पर दिल्ली कैपिटल्स का मैनेजमेंट पंत को कप्तान बनाए रखना चाहता है। तो ऐसे में श्रेयस अय्यर अगले साल किसी और टीम की तरफ से खेलते हुए नजर आ सकते हैं। क्योंकि वो टीम को लीड करना चाहते हैं। वहीं अगर अय्यर ऑक्शन पूल में आते हैं तो अहमदाबाद टीम उनपर दांव खेल सकती है।
गौरतलब है आईपीएल 2021 में दिल्ली की कप्तानी ऋषभ पंत के हाथों सौंपी गई थी। वहीं सीजन के पहले चरण में अय्यर चोटिल होने के कारण नहीं खेल पाए थे। ऐसे में पंत के नेतृत्व में डीसी ने प्लेऑफ तक का सफर तय किया था।  वहीं अय्यर दो सीजन से कप्तान थे,उनकी कप्तानी में दिल्ली की टीम एक बार प्लेऑफ तो एक बार फाइनल में पहुंची थी। 
बता दें, दिल्ली कैपिटल्स ने शिखर धवन, कगिसो रबाडा, अजिंक्य रहाणे, स्टीव स्मिथ, मार्कस स्टोइनिस, शिमरॉन हेटमायर, अश्विन जैसे खिलाड़ियों को रिटेन नहीं करने का विचार किया है। 
 

Desk Team