चेन्नई : क्वार्टरफाइनल की दौड़ की से बाहर हो चुकी दिल्ली और तमिलनाडु की टीमें सोमवार को यहां होने वाले रणजी ट्रॉफी ग्रुप बी मैच में एक दूसरे से भिड़ेंगी जिसमें दोनों की निगाहें जीत दर्ज करके राष्ट्रीय टी20 चैम्पियनशिप से पहले प्रेरणा हासिल करने पर लगी होंगी। एम ए चिदम्बरम स्टेडियम में मिली जीत निश्चित रूप से रणजी ट्राफी सत्र के बाद टी20 चैम्पियनशिप से पहले खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ायेगी। दिल्ली के 13 अंक हैं जबकि तमिलनाडु का एक अंक कम है।
दोनों टीमों ने केवल एक एक मैच जीते हैं जबकि दिल्ली को तीन हार जबकि मेजबान टीम को दो हार का सामना करना पड़ा है। बाबा इंद्रजीत की अगुवाई वाली तमिलनाडु ने टीम में कुछ युवा खिलाड़ियों को शामिल किया है। उसकी बल्लेबाजी इकाई एकजुट होकर नहीं चलसकी है जिससे टीम इस सत्र में यह हश्र रहा।
इंद्रजीत ने कहा, ‘‘केरल के खिलाफ मैच तक ठीक था। हम बंगाल से हार गये,जो करीबी था। पंजाब और हिमाचल प्रदेश के खिलाफ पिछले दो मैच थोड़े निराशाजनक रहे क्योंकि हम चुनौती नहीं दे पाये। ’’ उन्होंने युवाओं को टीम में शामिल करने के बारे में कहा, ‘‘युवाओं को टीम में शामिल करने का यह सही समय है, पहले यह मुश्किल था क्योंकि हमारे पास क्वालीफाई करने का मौका था। यह मैच हम सिर्फ प्रतिष्ठा के लिये खेल रहे हैं इसलिये हमने उन्हें टीम में शामिल किया है।
क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की करने उतरेंगे विदर्भ, कर्नाटक
मौजूदा चैम्पियन विदर्भ और घरेलू क्रिकेट की बड़ी टीमों में से एक कर्नाटक रणजी ट्रॉफी के क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की करने की दौड़ में सबसे आगे बने हुये हैं। सोमवार से अंतिम दौर के मैच खेले जाने हैं लेकिन एलीट ग्रुप ए और बी से क्वार्टर फाइनल में अब तक किसी भी टीम ने जगह पक्की नहीं की है। ग्रुप ए और बी से संयुक्त तालिका के आधार पर शीर्ष पांच टीमें क्वार्टर फाइनल में पहुंचेगी जबकि एलीट ग्रुप सी से दो और प्लेट ग्रुप से एक टीम क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की करेगी। ग्रुप ए और बी की संयुक्त तालिका में विदर्भ 28 अंक के साथ पहले और कर्नाटक 27 अंक के साथ दूसरे स्थान पर है।
गुजरात और सौराष्ट्र 26 अंक के साथ क्रमश: तीसरे और चौथे स्थान पर है जबकि ग्रुप बी से मध्यप्रदेश 24 अंक के साथ पांचवें स्थान पर है। बड़ौदा की टीम नौवें स्थान पर है और वह वडोदरा में सोमवार से खेले जाने वाले मैच में कर्नाटक के खिलाफ जीत दर्ज कर क्वार्टर फाइनल में पहुंचने की उम्मीदों को जीवंत रखना चाहेगी। अगर कर्नाटक इस मैच में जीत दर्ज करती है तो वह आसानी से क्वार्टर फाइनल के लिए क्वालीफाई कर लेगा।


Download Android App
Download iOS App



