सूरत : शिखर धवन सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्राफी के पहले मैच में शून्य पर आउट हो गये जिससे दिल्ली को जम्मू कश्मीर के हाथों आठ विकेट से हार का सामना करना पड़ा जो उसकी प्रतियोगिता में पहली हार भी है। दिल्ली ने टास जीतकर बल्लेबाजी करने का फैसला किया। जिसके बाद नीतीश राणा ने तेजी से 30 गेंद में छह छक्कों से 55 रन बनाकर दिल्ली को सात विकेट पर 165 रन बनाने में मदद की।
जम्मू कश्मीर ने 15.5 ओवर में दो विकेट पर 166 रन बनाकर जीत हासिल की। सलामी बल्लेबाज शुभम खजूरिया (22 गेंद में 49 रन) और जतिन वाधवा (33 गेंद में नाबाद 48 रन) ने तेज शुरूआत करायी जिसके बाद मंजूर डार ने 24 गेंद में 58 रन की आक्रामक पारी खेली। आईपीएल फ्रेंचाइजी किंग्स इलेवन पंजाब ने 2018 सत्र से पहले डार को लिया था लेकिन उसे एक मैच नहीं मिला था।
राजस्थान ने उप्र को हराया, तमिलनाडु और केरल ने भी जीत दर्ज की
मध्यम गति के गेंदबाज दीपक चाहर (46 रन देकर तीन विकेट और नाबाद 13 रन) और खलील अहमद (34 रन देकर तीन विकेट) की शानदार गेंदबाजी से राजस्थान ने गुरुवार को सैयद मुश्ताक अली ट्राफी टी20 क्रिकेट टूर्नामेंट के ग्रुप बी में उत्तर प्रदेश को पांच विकेट से हराया। बांग्लादेश के खिलाफ तीसरे टी20 में हैट्रिक लेने वाले चाहर ने चार गेंद के अंदर तीन विकेट लिये और उत्तर प्रदेश को नौ विकेट पर 164 रन ही बनाने दिये।
राजस्थान ने इसके बाद राजेश बिश्नोई के नाबाद 87 रन की मदद से 17.2 ओवर में जीत दर्ज की। एक अन्य मैच में तमिलनाडु ने मणिपुर को आसानी से नौ विकेट से हराया। मेजबान केरल ने विदर्भ पर 26 रन से जीत दर्ज की। केरल की तरफ से कप्तान रोबिन उथप्पा ने 39 गेंदों पर दो चौकों ओर पांच छक्कों की मदद से 69 रन बनाये जिससे केरल सात विकेट पर 162 रन बनाने में सफल रहा।


Download Android App
Download iOS App



