लंदन : विश्व के नंबर एक खिलाड़ी नोवाक जोकोविच और दिग्गज रोजर फेडरर ने गुरुवार को यहां विम्बलडन मुकाबले के अंतिम-32 में अपनी जगह पक्की की लेकिन महिला वर्ग में मौजूदा चैम्पियन एंजेलिक कर्बर का सफर दूसरे दौर में ही खत्म हो गया। जर्मनी की कर्बर को अमेरिका की लॉरेन डेविस ने 2-6, 6-2, 6-1 से हराया।
स्विट्जरलैंड के फेडरर ने ब्रिटेन के जे क्लार्क को 6-1, 7-6, 6-2 से शिकस्त देकर नौवीं बार इस खिताब को जीतने की ओर मजबूत कदम बढाये। वह ग्रैंडस्लैम में 70वीं बार तीसरे दौर में पहुंचे। उन्होंने विंबलडन में 17वीं बार तीसरे दौर में जगह बनाकर जिमी कोनर्स के रिकार्ड की बराबरी की।
फेडरर ने विश्व रैंकिग में 169वें पायदान पर काबिज क्लार्क के खिलाफ 46 विनर्स लगाये। अपना 21वां मेजर खिताब जीतने का सपना देख रहे फेडरर को अंतिम-16 में पहुंचने के लिए 27वीं वरीयता प्राप्त लुकास पोउल्ली की चुनौती से पार पाना होगा जिन्होंने क्वालीफायर ग्रेगोरी बार्रेरे को 6-1, 7-6, 6-4 से हराया। पुरूषों में जान इसनर और मारिन सिलिच को भी उलटफेर का शिकार होना पड़ा।


Download Android App
Download iOS App



