भारत के फील्डिंग कोच आर श्रीधर ने शुक्रवार को स्वीकार किया कि न्यूजीलैंड के खिलाफ मौजूदा श्रृंखला में टीम इंडिया का क्षेत्ररक्षण अच्छा नहीं रहा है और लगातार यात्रा की वजह से अभ्यास की कमी को इसका कारण बताने के बावजूद व्यस्त कार्यक्रम को दोष नहीं दिया। श्रीधर ने कहा कि पिछले चार महीने में भारत का क्षेत्ररक्षण अच्छा नहीं रहा है।
उन्होंने कहा कि थकान इसका कारण हो सकता है।उन्होंने कहा कि भारत में वेस्टइंडीज के खिलाफ श्रृंखला से हमारा क्षेत्ररक्षण खराब होना शुरू हुआ। हम औसत प्रदर्शन ही कर रहे हैं । यह विश्व कप या उससे पहले के हमारे प्रदर्शन की तुलना में कहीं नहीं है। श्रीधर ने कहा कि टीम प्रबंधन की नजरें खिलाड़ियों के अभ्यास के कार्यक्रम और कार्यभार पर है।
उन्होंने कहा कि टी20 मैच में हर फील्डर अपना कप्तान खुद होता है । उसे कप्तान के इशारे की जरूरत नहीं होती। उन्होंने कहा कि हम उन्हें यही बताने की कोशिश करेंगे कि फील्डिंग में सभी कप्तान है । हवा का रूख देखकर अपनी जगह तय करो।
भारत का फील्डिंग अभ्यास इस दौरे पर हो नहीं सका है । टी20 सीरीज से पहले सिर्फ एक सत्र रहा जबकि तीन सत्र वैकल्पिक थे। श्रीधर ने कहाकि मौजूदा कार्यक्रम की वजह से ऐसा ही होगा और इसे स्वीकार करना होगा। हमें वीडियो देखकर अपनी गलतियों का पता करना होगा। कार्यक्रम व्यस्त है लेकिन इसे बहाना नहीं बनाया जा सकता। हमें बेहतर प्रदर्शन करना होगा।


Download Android App
Download iOS App



