ओलंपिक से पहले फोकस फिटनेस पर ध्यान : रानी

Summary :

रानी रामपाल ने कहा कि तोक्यो ओलंपिक की तैयारी के तहत उनकी टीम शीर्ष टीमों के खिलाफ अच्छे मैच खेलना चाहती है और उनका फोकस फिटनेस और रिकवरी पर रहेगा।

नई दिल्ली : भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान रानी रामपाल ने कहा कि तोक्यो ओलंपिक की तैयारी के तहत उनकी टीम शीर्ष टीमों के खिलाफ अच्छे मैच खेलना चाहती है और उनका फोकस फिटनेस और रिकवरी पर रहेगा। भारतीय टीम बेंगलुरू में राष्ट्रीय शिविर में भाग ले रही है जो 15 दिसंबर तक चलेगा। क्रिसमस और नववर्ष पर तीन सप्ताह के ब्रेक के बाद टीम पांच जनवरी को फिर एकजुट होकर न्यूजीलैंड दौरे की तैयारी करेगी। 
रानी ने कहा कि हमारा फोकस फिटनेस और रिकवरी पर रहेगा। ओलंपिक से पहले हम शीर्ष टीमों के खिलाफ अच्छे मैच खेलना चाहते हैं। हमें अपने शरीर के साथ दिमाग पर भी फोकस करना होगा। उन्होंने कहा कि हमें सही समय पर अच्छा प्रदर्शन करना होगा। तोक्यो में ओलंपिक के समय के मौसम को देखते हुए मेरा मानना है कि फिटनेस की भूमिका अहम होगी। भारतीय महिला हॉकी टीम ने ओलंपिक क्वालीफायर जीतने से पहले स्पेन, आयरलैंड, जापान, चीन, कोरिया और इंग्लैंड जैसी टीमों के खिलाफ जीत दर्ज की है। 
रानी ने कहा कि लोगों ने कभी भारतीय महिला टीम से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद ही नहीं की थी और यह बात हमें खलती थी। किसी को हमसे जीत की उम्मीद नहीं थी। सिर्फ भागीदारी से ही संतोष हो जाता था। लेकिन अब लोगों का नजरिया बदल रहा है। रानी को फिक्की इंडिया खेल पुरस्कारों में वर्ष की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। उसने कहा कि निजी तौर पर मेरे लिये यह पुरस्कार और बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा साबित होगा। इससे महिला हॉकी के विकास में भी मदद मिलेगी। मैं चाहूंगी कि और लड़कियां खेल को पेशेवर तौर पर अपनाये।

Desk Team