पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज अकरम ने कहा, टी-20 विश्व कप के लिये उचित समय का इंतजार करें ICC

Summary :

ऐसी अटकलें हैं कि कोरोना महामारी के कारण जारी यात्रा प्रतिबंधों के चलते ऑस्ट्रेलिया में अक्टूबर-नवंबर में होने वाला टी20 विश्व कप स्थगित किया जा सकता है। अकरम ने कहा,‘‘निजी तौर पर मुझे यह सही नहीं लगता। दर्शकों के बिना विश्व कप कैसे हो सकता है

कोरोना महामारी के चलते साल के अंत में ऑस्ट्रेलिया में होने वाले आईसीसी टी-20 क्रिकेट विश्व कप पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। इस बीच, पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज वसीम अकरम दर्शकों के बिना टी-20 विश्व कप के पक्ष में नहीं हैं और उनका मानना है कि कोरोना वायरस महामारी पर काबू पाने के बाद आईसीसी को इस टूर्नामेंट की मेजबानी के लिये उचित समय का इंतजार करना चाहिये।
ऐसी अटकलें हैं कि कोरोना महामारी के कारण जारी यात्रा प्रतिबंधों के चलते ऑस्ट्रेलिया में अक्टूबर-नवंबर में होने वाला टी20 विश्व कप स्थगित किया जा सकता है। अकरम ने कहा,‘‘निजी तौर पर मुझे यह सही नहीं लगता। दर्शकों के बिना विश्व कप कैसे हो सकता है।’’ उन्होंने कहा,‘‘विश्व कप का मतलब है खचाखच भरे स्टेडियम। दुनिया भर से दर्शक अपनी टीमों के समर्थन के लिये आते हैं। यह सब माहौल की बात है और दर्शकों के बिना क्या माहौल बनेगा।’’
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद टी20 विश्व कप को लेकर 10 जून को फैसला लेगी। अकरम ने कहा,‘‘मेरा मानना है कि आईसीसी को सही समय का इंतजार करना चाहिये। एक बार इस महामारी पर काबू आ जाये और यात्रा की पाबंदियां हट जाये तो विश्व कप अच्छे से होगा।’’ गेंद पर लार के इस्तेमाल पर रोक के मसले को लेकर उन्होंने कहा कि आईसीसी को इसका त्वरित समाधान निकालना होगा। उन्होंने कहा,‘‘ तेज गेंदबाजों को लार के इस्तेमाल पर रोक पसंद नहीं आयेगी। पसीने से वह बात नहीं आ पाती। ज्यादा पसीने से गेंद गीली हो जायेगी। आईसीसी को इसका त्वरित समाधान निकालना होगा।’’

Desk Team