Fifa World Cup 2018 : फ्रांस ने उरूग्वे को, बेल्जियम ने ब्राजील को रौंदकर अंतिम चार में पहुंचे

Summary :

NULL

निज्नी नोवगोरोद : राफेल वराने और एंटोनी ग्रीजमैन के गोल तथा गोलकीपर ह्यूगो लोरिस के बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर फ्रांस ने आज यहां उरूग्वे को 2-0 से हराकर शान से विश्व कप 2018 के सेमीफाइनल में प्रवेश किया। वहीं बेल्जियम ने फीफा वर्ल्ड कप के दूसरे क्वार्टरफाइनल मैच में पांच बार के चैंपियन ब्राजील को 2-1 से हराकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। इस जीत के साथ ही बेल्जियम ने पहली बार विश्व कप का खिताब जीतने के अपने सपने को जिंदा रखा है।

उरूग्वे का सफर थमा

वराने ने 40वें मिनट में गोल करके फ्रांस को मध्यांतर तक 1-0 से आगे रखा जबकि ग्रीजमैन ने 61वें मिनट में बढ़त दोगुनी की। फ्रांस सेमीफाइनल में ब्राजील और बेल्जियम के बीच होने वाले मैच के विजेता से भिड़ेगा। उरूग्वे ने इस मैच से पहले काफी प्रभावशाली खेल दिखाया था और अपने सभी मैच जीते थे लेकिन फ्रांस की मजबूत रक्षापंक्ति और दमदार आक्रमण के सामने उसकी कमजोरी खुलकर सामने आ गयी। डिडियर डिसचैम्प्स की टीम ने वास्तव में प्रभावशाली प्रदर्शन किया जबकि उरूग्वे को एडिनसन कवानी की बहुत कमी खली जो चोटिल होने के कारण इस मैच में नहीं खेल पाये। दोनों टीमों ने शुरू में एक दूसरे पर हावी होने की कोशिश की, लेकिन फ्रांस गेंद को अधिक कब्जे में रखने और दबाव बनाने में सफल रहा। इसका उसे तब फायदा भी मिला जब वराने ने हेडर से गोल दागा। उन्होंने ग्रीजमैन की फ्री किक पर यह गोल किया जिसका उरूग्वे के गोलकीपर फर्नांडो मुसलेरा के पास कोई जवाब नहीं था। फ्रांस ने दूसरे हाफ के शुरू में उरूग्वे के शुरुआती दबाव को झेलने के बाद मुसलेरा की गलती से अपनी बढ़त दोगुनी की। ग्रीजमैन तेजी से गेंद लेकर पेनल्टी एरिया में गये और उन्होंने उस करारा शाट जमाया जो मुसलेरा के हाथों से टकरायी लेकिन उरूग्वे की तरफ से 102वां मैच खेल रहा यह गोलकीपर उसे गोल लाइन के अंदर जाने से रोकने में नाकाम रहा। मुसलेरा ने पिछले चार मैचों में केवल एक गोल होने दिया था लेकिन आज वह अपने रंग में नहीं दिखे। कवानी की चोट और मुसलेरा के महत्वपूर्ण क्षण पर खराब खेल आखिर में उरूग्वे पर भारी पड़ गयी और उसे क्वार्टर फाइनल से रूस को अलविदा कहना पड़ा।

बेल्जियम ने पांच बार के चैंपियन ब्राजील को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई 

बेल्जियम ने फीफा वर्ल्ड कप के दूसरे क्वार्टरफाइनल मैच में पांच बार के चैंपियन ब्राजील को 2-1 से हराकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। इस जीत के साथ ही बेल्जियम ने पहली बार विश्व कप का खिताब जीतने के अपने सपने को जिंदा रखा है। बता दें कि बेल्जियम 1986 में हुए विश्व कप के बाद पहली बार इस टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंचने में कामयाब हो पाई है। सेमीफाइनल में बेल्जियम का सामना मंगलवार को फ्रांस से होगा। बेल्जियम के स्टार मिडफील्डर केविन डे ब्रूने ने इस अहम मैच में आक्रामक खेल दिखाया जिसका लाभ टीम को मिला। हालांकि, कजान ऐरेना में खेले गए मुकाबले की शुरुआत ब्राजील के लिए शानदार रही।

मैच के आठवें मिनट में ब्राजील ने आक्रमण किया, डिफेंडर थियागो सिल्वा को अपनी टीम को बढ़त दिलाने का मौका मिला लेकिन वह गेंद को गोल में नहीं डाल पाए। बेल्जियम इस शुरुआती झटके से जल्द ही उबरी और 13वें मिनट में कॉर्नर अर्जित किया। अनुभवी डिफेंडर विंसेट कोम्पनी ने बेहतरीन क्रॉस दिया और गेंद ब्राजील के मिडफील्डर फर्नाडिन्हो के हाथों से लगकर गोल में चली गई। एक गोल की बढ़त बनाने के बाद बेल्जियम ने अधिक आत्मविश्वास के साथ आक्रमण किया। ब्राजील को भी बीच-बीच में गेंद मिली लेकिन वे काउंटर अटैक पर बराबरी का गोल करने में कामयाब नहीं हो पाए। मैच के 31वें मिनट में स्ट्राइकर रोमेलु लुकाकू ने बॉक्स के बाहर केविन डे ब्रूने को पास दिया जिन्होंने दाईं छोर से दमदार गोल दागते हुए अपनी टीम की बढ़त को 2-0 कर दिया।

ब्राजील ने दूसरे हाफ की भी तेज शुरुआत की और गेंद पर नियंत्रण बनाकर बेल्जियम के डिफेंस पर दबाव बनाया। 56वें मिनट में स्ट्राइकर गेब्रिएल जीसस बाईं छोर से बेल्जियम के डिफेंडर को छकाते हुए बॉक्स में दाखिल हुए लेकिन वे गोलकीपर तिबाउत कोर्टुआ को भेदने में कामयाब नहीं हो पाए.बेल्जियम के कप्तान ईडन हेजार्ड को 62वें में काउंटर अटैक पर गोल करने का मौक मिला, उन्होंने बॉक्स के बाहर बाएं छोर से शॉट लगाया लेकिन वह भी गेंद को गोल में नहीं डाल पाए.हेजार्ड के प्रयास के बाद भी ब्राजील ने विपक्षी टीम के बढ़त को कम करने की कोशिश जारी रखी। 76वें मिनट में एफसी बार्सिलोना से खेलने वाले फिलिपे कोटिन्हो ने बॉक्स के बाहर से क्रॉस दिया जिस पर हेडर से गोल करके रेनाटो ऑगस्तो ने मैच में अपनी टीम की वापसी करा दी। मैच के अंतिम क्षणों में ब्राजील ने बराकरी का गोल करने के कई प्रयास किए लेकिन वे कामयाब नहीं हो पाए।

Desk Team