सात्विक साईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की भारतीय जोड़ी ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए शुक्रवार को यहां French Open सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट के पुरुष युगल के सेमीफाइनल में प्रवेश किया लेकिन दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पी वी सिंधू ओलंपिक चैम्पियन चेन यू फेइ से हार गई।
HIGHLIGHTS
- सात्विक – चिराग की जोड़ी French Open सेमीफाइनल में पहुंची
- पीवी सिंधू की हार, चेन यू फेइ ने हराया
- त्रिसा जॉली और गायत्री गोपीचंद भी क्वार्टर फाइनल में पहुंचे
यहां 2022 में खिताब जीतने वाले सात्विक और चिराग ने क्वार्टर फाइनल में थाईलैंड के सुपाक जोमकोह और किटिनुपोंग केड्रेन पर 21-19 21-13 से जीत के साथ सेमीफाइनल में जगह बनाई। उनका अगला मुकाबला विश्व चैंपियन और तीसरी वरीयता प्राप्त कांग मिन ह्युक और सियो सेउंग जे से होगा। भारत की इस स्टार जोड़ी ने इससे पहले मलेशिया के मान वेइ चोंग और केइ वू ती को सीधे गेम में हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया था।
चोट के कारण चार महीने बाद वापसी कर रही सिंधू ने करीब डेढ घंटे तक चले मुकाबले में अपनी फिटनेस और कौशल की बानगी पेश की लेकिन आखिर में उन्हें 24-22, 17-21, 18-21 से पराजय झेलनी पड़ी ।
सिंधू ने 2019 में दुनिया की दूसरे नंबर की खिलाड़ी चेन को हराकर विश्व चैम्पियनशिप स्वर्ण जीता था । उसके बाद से पिछले दो मुकाबलों में वह चेन से हार चुकी है ।
महिला युगल में त्रिसा जॉली और गायत्री गोपीचंद भी French Open क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई । उन्होंने सातवीं वरीयता प्राप्त जापान की युकी फुकुशिमा और सायाका हिरोता को 21-18, 21-13 से हराया । अब उनका सामना शीर्ष वरीयता प्राप्त किंग चेन चेन और यि फान जिया की चीनी जोड़ी से होगा ।


Download Android App
Download iOS App





