लंदन : आलराउंडर रविंद्र जडेजा को उम्मीद है विश्व कप के दौरान केनिंगटन ओवल की पिच की तुलना में बेहतर पिचों पर मैचों का आयोजन होगा। ओवल की पिच पर अभ्यास मैच में न्यूजीलैंड के गेंदबाजों ने भारतीय बल्लेबाजी को तहस नहस करने में कसर नहीं छोड़ी थी। जडेजा एकमात्र भारतीय बल्लेबाज रहे जिन्होंने इस मैच में अर्धशतक जमाया लेकिन इस आलराउंडर ने कहा कि चिंता करने की कोई बात नहीं है।
जडेजा ने मैच के बाद संवाददाता सम्मेलन में कहा कि यह इंग्लैंड की आम परिस्थितियां जैसा था। विकेट शुरू में नरम था लेकिन मैच आगे बढ़ने के साथ यह बेहतर होता गया। हम उम्मीद कर रहे हैं कि विश्व कप में हमें इतनी अधिक घास वाले विकेट नहीं मिलेंगे और वे बल्लेबाजी के लिये अनुकूल होंगे। भारत ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया लेकिन उसकी टीम गेंदबाजों की अनुकूल परिस्थितियों में 179 रन पर सिमट गयी।
न्यूजीलैंड ने आसानी से लक्ष्य हासिल कर दिया। जडेजा ने कहा कि यह हमारा पहला मैच है। यह केवल एक मैच था और हम एक खराब पारी, खराब मैच के आधार पर खिलाड़ियों का आकलन नहीं कर सकते हैं। इसलिए बल्लेबाजी इकाई के रूप में चिंता की कोई बात नहीं है। उन्होंने कहा कि इंग्लैंड में हमेशा मुश्किल होती है। आप भारत से आ रहे हो जहां आप सपाट विकेट पर खेलते हो। हमारे पास इस पर काम करने के लिये अब भी समय है।


Download Android App
Download iOS App



