दोहा : अंगद वीर सिंह बाजवा और मेराज अहमद ने पुरुषों की स्कीट स्पर्धा में क्रमश: पहले और दूसरे स्थान पर रहते हुए जबकि युवा निशानेबाज ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर ने पुरुषों की 50 मीटर थ्री पोजीशन में कांस्य पदक जीतकर रविवार को यहां 14वीं एशियाई निशानेबाजी चैंपियनशिप में भारत को तीन ओलंपिक कोटे दिलाये।
इन निशानेबाजों के पदकों से तोक्यो ओलंपिक 2020 के लिए भारतीय निशानेबाजों ने अब तक रिकार्ड 15 कोटे हासिल कर लिये। लंदन ओलंपिक 2012 में भारत के 11 निशानेबाजों ने हिस्सा लिया था जबकि रियो ओलंपिक 2016 में 12 भारतीय निशानेबाज उतरे थे। यहां लुसैन निशानेबाजी परिसर में स्कीट स्पर्धा के फाइनल में दोनों भारतीय खिलाड़ी 56 अंक के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर थे जिसके बाद विजेता का फैसला शूटआफ से हुआ।
अंगद ने शूटआफ में मेराज को 6-5 से पछाड़ा। इससे पहले किशोर निशानेबाज तोमर ने पुरुषों की 50 मीटर थ्री पोजीशन में कांस्य पदक जीतकर भारत को निशानेबाजी में 13वां ओलंपिक कोटा दिलाया था। तोमर ने आठ पुरुषों के फाइनल में 449.1 अंक बनाकर तीसरा स्थान हासिल किया। कोरिया के किम जोंगयुन (459.9) ने स्वर्ण ओर चीन के झोंगहाओ झाओ (459.1) ने रजत पदक जीता। इस 18 वर्षीय भारतीय निशानेबाज ने 120 शॉट के क्वालीफाईंग में 1168 अंक बनाकर फाइनल्स में जगह सुरक्षित की थी।


Download Android App
Download iOS App



