इंग्लैंड ने सुपर ओवर में जीती टी-20 सीरीज

Summary :

इंग्लैंड ने इस साल विश्व कप फाइनल की सफलता को एक बार फिर से दोहराते हुए पांचवें और आखिरी टी-20 मैच में सुपर ओवर में न्यूजीलैंड को हराकर पांच मैचों की टी-20 सीरीज 3-2 से अपने नाम कर ली।

ऑकलैंड : इंग्लैंड ने इस साल विश्व कप फाइनल की सफलता को एक बार फिर से दोहराते हुए पांचवें और आखिरी टी-20 मैच में सुपर ओवर में रविवार को मेजबान न्यूजीलैंड को हराकर पांच मैचों की टी-20 सीरीज 3-2 से अपने नाम कर ली। इंग्लैंड ने इस साल 50 ओवरों के विश्व कप के फाइनल में सुपर ओवर में न्यूजीलैंड को हराकर विश्व कप जीता था। वर्षा बाधित इस अंतिम टी-20 मैच में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर न्यूजीलैंड को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। 
न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 11 ओवर में पांच विकेट पर 146 रनों का मजबूत स्कोर बनाया। कीवी टीम के लिए मार्टिन गुप्टिल ने 20 गेंदों पर तीन चौकों और पांच छक्कों की मदद से 50 और कोलिन मुनरो ने 21 गेंदों पर दो चौकों और चार छक्कों की मदद से 46 रन की विस्फोटक पारी खेली। उनके अलावा टिम सिफर्ट ने 16 गेंदों पर एक चौके और पांच छक्कों के दम पर 39 रनों का योगदान दिया। 
इंग्लैंड के लिए सैम कुरेन, टॉम कुरेन, आदिल राशिद और शाकिब महमूद ने एक-एक विकेट चटकाए। न्यूजीलैंड से मिले 147 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम भी निर्धारित 11 ओवरों में सात विकेट पर 146 रन ही बना सकी। इंग्लैंड के लिए जॉनी बेयरस्टो ने 18 गेंदों पर दो चौके और पांच छक्कों की मदद से 47, कप्तान इयोन मॉर्गन ने 17, सैम करेन ने 24 और टॉम करेन ने 12 रन बनाए।

Desk Team