अम्मान : भारतीय फुटबॉल टीम जोर्डन के खिलाफ शनिवार को अंतरराष्ट्रीय दोस्ताना मैच खेलेगी तो उसे अपने करिश्माई स्ट्राइकर सुनील छेत्री की कमी खलेगी। यह मैच एएफसी एशियाई कप की तैयारी के लिये अहम माना जा रहा है जो अगले साल जनवरी फरवरी में खेला जायेगा।
भारत फीफा रैंकिंग में 97वें स्थान पर है जबकि जोर्डन की रैंकिंग 112वीं है। चीन के खिलाफ भारत का पिछला मैत्री मैच गोलरहित रहा था।कोच स्टीफन कोंस्टेंटाइन ने छेत्री की गैर मौजूदगी को बड़ा झटका बताया। छेत्री की कप्तानी में भारत लगातार 14 मैचों में अपराजेय रहा था और इस सिलसिले को बिशकेक में किर्गीस्तान ने तोड़ा।
एशियाई कप में अब दो महीने बाकी है और आगामी दोस्ताना मैचों के जरिये कोच के पास अपनी टीम को आंकने का आखिरी मौका है। गोलकीपर गुरप्रीत सिंह संधू डिफेंस का जिम्मा संभालेंगे जिसमें प्रीतम कोटाल, संदेश झिंगन, नारायण दास और शुभाशीष बोस होंगे। जोर्डन ने आखिरी जीत मई में दर्ज की थी जब उसने साइप्रस को 3.0 से हराया था।
पिछले चार मैचों में उसने दो ड्रा खेले और दो हारे। भारत के लिये मिडफील्ड का जिम्मा उदांता सिंह, प्रणय हलधर और अनिरूद्ध थापा संभालेंगे। वहीं फारवर्ड पंक्ति में जेजे लालपेखलुआ और बलवंत सिंह पर जिम्मेदारी होगी।


Download Android App
Download iOS App



