सूरत : भारतीय टीम हाल में दक्षिण अफ्रीका पर अपने दबदबे के बावजूद मंगलवार से यहां शुरू हो रही टी20 सीरीज में अपने इस प्रतिद्वंद्वी को हल्के से नहीं ले सकती। इन दोनों टीमों के बीच पिछले पांच मैचों में से भारत ने तीन में जीत दर्ज की जबकि एक मैच उसने गंवाया। एक मैच का परिणाम नहीं निकल पाया था। घरेलू परिस्थितियों में खेलने के कारण भारतीय टीम फायदे में रहेगी लेकिन वे अपनी जीत पक्की नहीं मान सकती क्योंकि रविवार को यहां खेले गये दूसरे अभ्यास मैच में दक्षिण अफ्रीकी महिलाओं ने दिखाया कि वे खतरनाक साबित हो सकती हैं।
पहला अभ्यास मैच बारिश की भेंट चढ़ने के बाद दक्षिण अफ्रीकी महिला टीम ने बोर्ड अध्यक्ष एकादश को 83 रन से हराकर एकतरफा जीत दर्ज की थी। दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पांच विकेट पर 174 रन का मजबूत स्कोर बनाया और फिर बोर्ड अध्यक्ष एकादश को 91 रन पर आउट करके दौरे की सकारात्मक शुरुआत की। दक्षिण अफ्रीकी टीम मंगलवार को आत्मविश्वास के साथ मैदान पर उतरेगी।
उसका दारोमदार लिजली ली पर होगा जिन्होंने अभ्यास मैच में 65 रन बनाये थे। उनके अलावा मिगनॉन डु प्रीज और कप्तान सुन लुस पर भी उसकी बल्लेबाजी की जिम्मेदारी होगी। हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली भारतीय टीम स्मृति मंदाना से मिलने वाली अच्छी शुरुआत पर काफी निर्भर रहेगी। टी20 क्रिकेट से संन्यास ले चुकी मिताली राज की अनुपस्थिति में कप्तान हरमनप्रीत, वेदा कृष्णमूर्ति और जेमिमा रोड्रिग्स को भी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा।


Download Android App
Download iOS App



