प्रोविडेंस : भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने पांचवां और आखिरी टी20 मैच 61 रन से जीतकर वेस्टइंडीज को पांच मैचों की सीरीज में 5-0 से हरा दिया। भारत के लिये वेदा कृष्णामूर्ति ने नाबाद 57 और जेमिमा रौद्रिगेज ने 50 रन बनाये। दोनों ने तीसरे विकेट के लिये 117 रन जोड़े।
भारतीय महिला टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए तीन विकेट पर 134 रन बनाये। भारत के दो विकेट चौथे ओवर में 17 रन पर गिर गए थे। शेफाली वर्मा नौ और कप्तान स्मृति मंधाना सात रन बनाकर आउट हो गए। रौद्रिगेज ने 56 गेंद में 50 रन बनाये जबकि कृष्णामूर्ति ने 48 गेंद की पारी में चार चौके लगाये।
वेस्टइंडीज की टीम 20 ओवर में सात विकेट पर 73 रन ही बना सकी। उसके आधे बल्लेबाज 53 रन पर आउट हो गए थे। भारत के लिये अनुजा पाटिल ने तीन रन देकर दो विकेट लिये जबकि राधा यादव, पूनम यादव, पूजा वस्त्रकार और हरलीन दयोल को एक एक विकेट मिला।


Download Android App
Download iOS App



