सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पांच दिसंबर के विधानसभा उपचुनाव में पार्टी के निर्देश की अवहेलना कर दो निर्वाचन क्षेत्रों से बतौर उम्मीदवार मैदान में उतरने पर पार्टी के दो सदस्यों को निष्कासित कर दिया। भाजपा की राज्य इकाई के प्रवक्ता जी.मधुसूदन ने कहा, “पार्टी ने शरत बाचेगौड़ा व कविराज अर्स को बेंगलुरू ग्रामीण जिले की होसकोटे सीट और उत्तरपश्चिम बेल्लारी जिले की विजयनगर सीट से नामांकन वापस नहीं लेने पर निष्कासित कर दिया।”
दलबदल कर भाजपा में शामिल एम.टी.बी.नागराज व आनंद सिंह आधिकारिक रूप से होसकोटे व विजयनगर से उम्मीदवार हैं। इन दोनों ने मई 2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर जीत दर्ज की थी। मधुसूदन ने कहा, “हमने शरत और कविराज द्वारा गुरुवार को निर्दलीय के रूप में दाखिल किए गए नामांकन को वापस लेने का इंतजार किया। गुरुवार उपचुनाव के लिए नाम वापसी का आखिरी दिन था। लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया, पार्टी के पास उन्हें छह साल के लिए निष्कासित करने के अलावा कोई विकल्प नहीं था। क्योंकि पहले चेतावनी दी जा चुकी थी।”


Download Android App
Download iOS App



