माउंट मोनगानुइ : विश्व कप में इंग्लैंड की जीत के सूत्रधार रहे बेन स्टोक्स एक बार फिर न्यूजीलैंड के लिये परेशानी का सबब साबित हुए जिनकी पारी की मदद से मेहमान टीम ने पहले टेस्ट में शुरूआती झटकों के बाद वापसी की। न्यूजीलैंड में जन्में स्टोक्स चाय से पहले क्रीज पर आये थे जब इंग्लैंड ने तीन विकेट 120 रन पर गंवा दिये थे।
पहले दिन का खेल समाप्त होने पर हालांकि इंग्लैंड का स्कोर चार विकेट पर 241 रन था । स्टोक्स 67 रन बनाकर खेल रहे हैं। जुलाई में विश्व कप फाइनल में बाउंड्री की गिनती के आधार पर इंग्लैंड को न्यूजीलैंड के खिलाफ विजेता घोषित किया गया था जिसमें स्टोक्स की पारी की निर्णायक भूमिका थी। नील वेगनेर की शार्टपिच गेंदों का बखूबी सामना करने वाले स्टोक्स ने ट्रेंट बोल्ट को लगातार चार चौके लगाये।
इनमें से एक पर पहली स्लिप में रोस टेलर ने उनका कैच छोड़ा। स्टोक्स और जो डेनली (74) ने चौथे विकेट के लिये 83 रन जोड़े। इससे पहले शीर्षक्रम के बल्लेबाजों ने इंग्लैंड को सुरक्षित शुरूआत दिलाई। रोरी बर्न्स ने 52 और डोम सिबले ने 22 रन बनाये।


Download Android App
Download iOS App



