लंदन : पूर्व कप्तान एलन बोर्डर का मानना है कि भारत अपनी कुछ कमजोरियों के बावजूद रविवार को यहां होने वाले विश्व कप मैच में आस्ट्रेलिया के सामने कड़ी चुनौती पेश करेगा। आस्ट्रेलिया अभी शानदार फार्म में है। उसने अपने पिछले दस वनडे मैच जीते हैं जिनमें भारत के खिलाफ मार्च में दर्ज की गयी तीन जीत भी शामिल हैं। तब आस्ट्रेलिया ने वापसी करते हुए विराट कोहली की टीम को 3-2 से हराया था।
भारत ने अपने पहले मैच में भले ही दक्षिण अफ्रीका को आसानी से हराया लेकिन बोर्डर का मानना है कि इसे विश्वसनीय प्रदर्शन नहीं माना जा सकता है। बोर्डर ने कहा कि उस दिन वे बमुश्किल जीत पाये थे। दक्षिण अफ्रीकी टीम ने अच्छा खेल दिखाया लेकिन उन्होंने पर्याप्त रन नहीं बनाये थे और फिर रोहित शर्मा भारतीय पारी संवारने में सफल रहे। उन्होंने कहा कि भारत की भी कुछ कमजोरियां हैं लेकिन उसके पास रोहित, विराट कोहली और जसप्रीत बुमराह जैसे विश्वस्तरीय क्रिकेटर भी हैं। यह एक अच्छी टीम है।
पूर्व आस्ट्रेलियाई कप्तान ने कहा कि भारत के खिलाफ मैच से आस्ट्रेलिया को अपनी वास्तविक स्थिति का पता लगेगा। आरोन फिंच की अगुवाई वाली टीम ने पहले दो मैचों में अफगानिस्तान और वेस्टइंडीज को हराया। उन्होंने कहा कि अगर आप अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किये बिना मैच जीत सकते हैं तो स्वाभाविक है कि आप अपना सर्वश्रेष्ठ करना चाहते हैं। अब यही समय है और भारत के खिलाफ अगला मुकाबला कड़ा होगा।


Download Android App
Download iOS App



