भारतीय सलामी बल्लेबाज मयंक अग्रवाल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ मुंबई टेस्ट में अपनी शानदार फॉर्म जारी रखते हुए दूसरी पारी में भी फिफ्टी जड़ दी है। पहली पारी में शानदार 150 रन बनाने वाले मयंक दूसरी पारी में 62 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें यहां एक बार फिर एजाज पटेल ने पवेलियन की राह दिखाई। लेकिन उन्होंने जैसे ही दूसरी पारी में 50 रनों का आंकड़ा छुआ, वैसे ही उन्होंने एक खास मामले में विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे दिग्गज बल्लेबाजों को पीछे छोड़ दिया है। मयंक के नाम अब आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप में भारत की तरफ से एक टेस्ट में सबसे ज्यादा बार 200 रन बनाने का रिकॉर्ड दर्ज हो गया है।

मयंक ने अब तक ऐसा तीन बार किया है। उनसे पहले यह रिकॉर्ड उनके और रोहित के नाम संयुक्त रूप से दर्ज था, लेकिन अब मयंक रोहित से आगे निकल गए हैं। भारतीय टेस्ट कप्तान विराट ने ऐसा कारनामा सिर्फ एक बार किया है। मैच के दूसरे दिन न्यूजीलैंड को मात्र 62 रनों पर ऑलआउट करने के बाद भारत ने दूसरी पारी में मयंक के जोड़ीदार के रूप में शुभमन गिल की जगह चेतेश्वर पुजारा को उतारा। ऐसा गिल के फील्डिंग करते समय चोट लगने की वजह से किया गया।

मयंक को इस मैच में रोहित और केएल राहुल की गैरमौजूदगी में ओपनिंग करने का मौका मिला। उन्होंने हाथ में आए इस मौके को अच्छी तरह भुनाया और दोनों पारियों में अच्छा खेल दिखाया। मयंक का इस मैच में अच्छा परफॉर्म करना इसलिए भी खास है, क्योंकि कानपुर टेस्ट में फ्लॉप होने के बाद उन पर इस मुकाबले से बाहर होने के खतरा मंडरा रहा था, लेकिन उप-कप्तान अंजिक्य रहाणे को चोट के कारण बाहर होने के चलते टीम में उनकी जगह बनी रही और उन्होंने इस जगह को पक्की करने की पूरी कोशिश की है।


Download Android App
Download iOS App



