इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) एक महीने बाद अप्रैल में होना लगभग तय है। इससे पहले भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) को टूर्नामेंट का शेड्यूल और वेन्यू तय करना है। इसको लेकर अभी चर्चा चल रही है। सूत्रों ने बताया था कि सभी ग्रुप मुकाबले मुंबई के 3 स्टेडियम और प्ले-ऑफ मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हो सकते हैं।हालांकि, अब BCCI के एक सीनियर अधिकारी ने न्यूज एजेंसी से कहा कि कोरोना के लगातार बढ़ते मामलों को देखते हुए मुंबई में सभी ग्रुप मैच होना संभव नहीं है। बोर्ड अभी 4-5 वेन्यू पर नजर बनाए हुए है।

अधिकारी के मुताबिक, ‘हैदराबाद, बेंगलुरु और कोलकाता जैसे कुछ स्टेडियम IPL कराने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में प्ले-ऑफ मुकाबले और फाइनल हो सकता है।’IPL का 14वां सीजन अप्रैल के दूसरे हफ्ते से शुरू हो सकता है। पिछला टूर्नामेंट कोरोना के कारण मार्च से टाल दिया गया था। तब 13वें सीजन को साल के आखिर में 19 सितंबर से 10 नवंबर तक UAE में कराया गया था। तब फाइनल में मुंबई इंडियंस ने दिल्ली कैपिटल्स को शिकस्त देकर 5वीं बार खिताब जीता था।

हाल ही में दिल्ली कैपिटल्स टीम के को-ओनर पार्थ जिंदल ने कहा था, ‘मेरा मानना है कि IPL को दो फेस में दो वेन्यू पर कराया जा सकता है। सुनने में आ रहा है कि एक वेन्यू मुंबई हो सकता है, क्योंकि यहां 3 ग्राउंड (वानखेड़े, ब्रेबॉर्न और डीवाई पाटिल स्टेडियम) हैं। साथ ही प्रैक्टिस के लिए भी काफी अच्छी सुविधाएं हैं। लीग के नॉकआउट मुकाबले मोटेरा (अहमदाबाद) में हो सकते हैं।


Download Android App
Download iOS App



