रांची : दक्षिण अफ्रीका के सलामी बल्लेबाज डीन एल्गर ने कहा कि भारत दौरे के दौरान उन्हें एक क्रिकेटर और व्यक्ति के तौर पर खुद को अच्छी तरह से समझने का मौका मिला। दक्षिण अफ्रीका ने टी20 सीरीज 1-1 से बराबर करायी थी लेकिन इसके बाद टेस्ट श्रृंखला के पहले दो मैचों में उसे करारी हार का सामना करना पड़ा। तीसरा टेस्ट मैच शनिवार से रांची में खेला जाएगा। एल्गर ने कहा कि यह चुनौतीपूर्ण दौरा है।
एक व्यक्ति, एक क्रिकेटर के तौर पर आप बहुत कुछ सीखते हो। मेरा मानना है कि आप एक व्यक्ति के रूप में तब खुद के बारे में काफी जानते हैं जब आप छोटी जगहों पर जाते हैं जहां होटल संभवत: अच्छे नहीं होते और फिर आपको मैदानी चुनौती का सामना करना होता है। उन्होंने कहा कि भारत आने पर हमेशा आपको काफी अच्छी सीख मिलती है।
एल्गर ने कहा कि विश्व टेस्ट चैंपियनशिप शुरू होने के कारण दक्षिण अफ्रीका के लिये तीसरे टेस्ट मैच में भी काफी कुछ दांव पर लगा है भले ही वह पहले ही सीरीज गंवा चुका है। उन्होंने कहा कि पहले यह एक औपचारिक मैच होता लेकिन अब विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के कारण हम इससे अंक हासिल कर सकते हैं।


Download Android App
Download iOS App



