लंदन : जोफ्रा आर्चर (6 विकेट) की बेहतरीन गेंदबाजी के दम पर इंग्लैंड ने द ओवल मैदान पर खेले जा रहे एशेज सीरीज के पांचवें और आखिरी टेस्ट मैच के दूसरे दिन आस्ट्रेलिया को पहली पारी में 225 रनों पर ही ढेर कर दिया। इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी में 294 रन बनाए थे। इस लिहाज से दूसरी पारी में वह 69 रनों की बढ़त के साथ उतरेगी। आस्ट्रेलिया के लिए सर्वोच्च स्कोरर स्टीव स्मिथ रहे जिन्होंने 145 गेंदों पर नौ चौके और एक छक्के की मदद से 80 रनों की पारी खेली। मार्नस लाबुशाने ने 48 रन बनाए। अंत में नाथन लॉयन ने 18 और पीटर सिडल ने 18 रन बनाए।
इंग्लैंड के लिए आर्चर के अलावा सैम कुरैन ने तीन और क्रिस वोक्स को एक सफलता मिली। इससे पहले आस्ट्रेलिया के हरफनमौला मिशेल मार्श ने एशेज सीरीज के पांचवें मैच में पांच विकेट चटकाकर टेस्ट टीम में वापसी का जश्न मनाया जिससे मैच के दूसरे दिन इंग्लैंड की पारी 294 रन पर सिमट गयी। इंग्लैंड की टीम ने दिन की शुरूआत आठ विकट पर 272 रन से की लेकिन कल के नाबाद बल्लेबाज जोस बटलर अपनी पारी में सिर्फ छह रन जोड़कर 70 रन बनाकर पैट कमिंस (84 रन पर तीन विकेट) की गेंद पर बोल्ड हो गये।
इसके बाद मार्श ने जैक लीच (21) का आउट कर पहली बार टेस्ट में पांच विकेट लेने का कारनामा किया। उन्होंने 46 रन देकर पांच विकेट लिये। इंग्लैंड की टीम गुरुवार को 226 रन पर आठ विकेट गंवाकर मुश्किल में थी लेकिन इसके बाद बटलर और लीच ने नौवें विकेट के लिए 68 रन की साझेदारी कर टीम को मुश्किल से निकाला। बटलर ने 98 गेंद की पारी में सात चौके और तीन छक्के लगाये।
आस्ट्रेलिया की टीम पांच मैचों की सीरीज में 2-1 से आगे है और अगर टीम यह मैच ड्रा कराने में भी कामयाब रही तो 2001 के बाद पहली बार इंग्लैंड में एशेज सीरीज जीतने में सफल रहेगी। इंग्लैंड ने पांचवें और आखिरी एशेज टेस्ट के दूसरे दिन आस्ट्रेलिया को 225 रनों पर ढेर कर दिया।। पिछले 18 साल में इंग्लैंड में पहली एशेज सीरीज जीतने के इरादे से आई आस्ट्रेलियाई टीम को दूसरे ओवर में झटका लगा जब जोफ्रा आर्चर की गेंद पर डेविड वार्नर ने विकेटकीपर जानी बेयरस्टा को कैच थमा दिया।
वार्नर को शुरू में नाट आउट करार दिया गया लेकिन इंग्लैंड ने रिव्यू लिया था जिसमें फैसला बदल दिया गया। आर्चर ने मार्कस हैरिस को दूसरी स्लिप में बेन स्टोक्स के हाथों लपकवाकर इंग्लैंड को दूसरी सफलता दिलाई। इसके बाद मार्नस लाबुशने और स्टीव स्मिथ ने पारी को संभालने का काम किया। दोनों ने आस्ट्रेलिया को 83 रन तक पहुंचाया।


Download Android App
Download iOS App



