गुवादालाजरा : अपने पहले विश्व कप में एकल स्वर्ण पदक जीतने वाली मनु भाकर ने जबरदस्त लय को बरकरार रखते हुये यहां चल रही आईएसएसएफ निशानेबाजी विश्वकप में मंगलवार को ओम प्रकाश मिथरवाल के साथ एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धा में फिर से भारत की झोली में स्वर्ण पदक डाल दिया। 16 वर्षीय हरियाणा की मनु ने एक दिन पहले ही 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता था।
मैक्सिको सिटी में चल रहे विश्वकप में शीर्ष पर चल रहे भारत की अन्य महिला निशानेबाज मेहुली घोष ने भी अपना दूसरा पदक जीता और तीन दिनों में भारत ने तीन स्वर्ण, चार कांस्य अपने नाम कर लिये। मिश्रित टीम स्पर्धा की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में मनु और ओमप्रकाश ने भारत का प्रतिनिधित्व किया और क्वालिफिकेशन में 770 का स्कोर कर दूसरे स्थान पर रहे। उनसे आगे पति-पत्नी की जर्मन जोड़ी क्रिस्टियन और सांद्रा रेइट्ज ने क्वालिफिकेशन में 777 का स्कोर किया जो विश्व कप स्कोर रहा। महिमा अग्रवाल और शाहजार रिजवी की दूसरी भारतीय जोड़ी 763 के स्कोर के साथ पांच टीमों के फाइनल राउंड में चौथे स्थान पर रही।
अन्य विशेष खबरों के लिए पढ़िये पंजाब केसरी की अन्य रिपोर्ट।


Download Android App
Download iOS App



