शंघाई : तीन बार की विश्व चैम्पियन कैरोलिना मारिन ने कैरियर को समाप्त करने वाली चोट से उबरने के बाद वापसी करते हुए रविवार को अपना चीन ओपन खिताब बरकरार रखा। स्पेन की इस खिलाड़ी ने आठ महीने बाद वापसी की है, उन्होंने ताईवान की दूसरी वरीयता प्राप्त ताई जु यिंग से एक गेम से पिछड़ने के बाद 65 मिनट में 14-21, 21-17, 21-18 से जीत हासिल की।
मारिन जीत के बाद रोते हुए कोर्ट के फर्श पर ही लेट गयी और हाथों में सिर लेकर रोते हुए उन्होंने कहा कि यह अविश्वसनीय है। मैं रिहैबिलिटेशन के दौरान सोच नहीं सकती थी कि मैं वापसी के बाद दूसरे टूर्नामेंट में जीत दर्ज कर सकूंगी। जापान के विश्व चैम्पियन केंटो मोमोटा ने फाइनल में इंडोनेशिया के सातवें वरीय एंथोनी सिनिसुका जिनटिंग को 19-21, 21-17, 21-19 से शिकस्त दी।


Download Android App
Download iOS App



