नई दिल्ली : पीएम नरेंद्र मोदी ने आस्ट्रेलिया के गोल्ड कोस्ट में हुए 21वें राष्ट्रमंडल खेलों में पदक जीतने वाले भारतीय एथलीटों को रविवार को बधाई दी। मोदी ने विशेषकर महिला खिलाड़ियों को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी। अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ में मोदी ने टेबल टेनिस में स्वर्ण पदक जीतने वाली महिला खिलाड़ी मनिका बत्रा को खासकर उनके प्रदर्शन के लिए सराहा। उन्होंने कहा कि उन्होंने इस राष्ट्रमंडल खेलों में जिस भी स्पर्धा में हिस्सा लिया, उसमें पदक जीता।
प्रधानमंत्री ने कहा, हमारी महिला एथलीटों ने इस साल राष्ट्रमंडल खेलों के दौरान हमें गौरवांन्वित किया। प्रधानमंत्री ने आगे कहा, खेलों के 21वें संस्करण में एक विशेष बात यह रही कि महिला खिलाड़ियों ने ज्यादातर पदक जीते। स्क्वॉश, मुक्केबाजी, भारोत्तोलन एवं निशानेबाजी में महिला खिलाड़ियों का प्रदर्शन बेहतरीन रहा। उन्होंने भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी सायना नेहवाल और पी.वी सिंधु के बीच हुए फाइनल मुकाबले की भी बात की।
उन्होंने कहा, मुकाबला कड़ा होने के बावजूद सब इसलिए खुश थे क्योंकि पदक भारत की ही झोली में आएगा। पूरे देश ने सांस रोक देने वाले इस मैच को देखा। मुझे भी मैच देखने में बहुत आनंद आया। मोदी ने कहा, क्या आप जानते हैं कि जितने भी पहलावन खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व करने गए थे, वे सभी पदक के साथ वापस लौटे हैं। खिलाड़ियों ने हमारी आशाओं के अनुरूप प्रदर्शन किया। भारत ने इन खेलों में कुल 66 पदक जीते जिसमें 26 स्वर्ण, 20 रजत और 20 कांस्य पदक शामिल है। मोदी ने धावक मोहम्मद अनस और हेमा दास की भी प्रशंसा की। यह दोनों पदक जीतने से चूक गए थे।
हमारी मुख्य खबरों के लिए यहाँ क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



