आईपीएल के 14वें सीजन का आगाज होने में अब कुछ दिन और बाकी रह गए हैं। ऐसे में सभी टीमों के खिलाड़ी कड़ी मेहनत करने में जुटे हुए हैं। हाल ही में चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी इंडियन प्रीमियर लीग के शुरू होने से पहले काफी शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। खिलाड़ी लगातार नेट्स में लंबे शॉट्स लगा रहे है।

दरअसल सीएसके ने धोनी की बल्लेबाजी का एक वीडियो इंस्टाग्राम पर साझा किया है। चेन्नई सुपरकिंग्स अपना पहला मैच 10 अप्रैल को मुंबई में दिल्ली कैपिटल्स के साथ खेलेगी। वैसे इस टूर्नामेंट के शुरू होने से पहले धोनी जिस फॉर्म में बल्लेबाजी करते हुए दिखाई दे रहे हैं इससे तो चेन्नई को काफी हद तक राहत मिल रही होगी। ऐसा इसलिए क्योंकि माही एक बार फिर अपने पुराने स्टाइल में बल्लेबाजी करते हुए नजर आ रहे हैं। यही नहीं धोनी ने इस दौरान हेलीकॉप्टर शॉट भी जड़ा है।

सीएसके की टीम के लिए आईपीएल का पिछला सीजन कुछ खास नहीं रहा था। ऐसे में टीम पिछले साल के खेल को भुलाकर अब एक बार फिर से दमदार वापसी करने की पूरी कोशिश करेगी। मालूम हो साल 2020 में यूएई में खेले गए आईपीएल में चेन्नई प्लेऑफ तक में अपनी जगह कायम नहीं कर पाई थी और ऐसा टूर्नामेंट के इतिहास में पहली बार था कि जब सीएसके को इस बुरे दौर का सामना करना पड़ा था।

चेन्नई को बीते साल अपनी कमजोर बल्लेबाजी की वजह से नुकसान झेलना पड़ा था। अगर इस साल भी टीम में सुधार नहीं किया गया तो फिर उसकी वापसी की संभावना बहुत कम हो जाएगी। वहीं टीम को आईपीएल 14 का खिताब दिलाने के लिए सीएसके के तेज गेंदबाजों को भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभानी होगी।

इस प्रकार है चेन्नई सुपर किंग्स की टीम:-
महेंद्र सिंह धोनी (कप्तान), सुरेश रैना, अंबति रायडू, केएम आसिफ, दीपक चहर, ड्वेन ब्रावो, फाफ डुप्लेसिस, इमरान ताहिर, एन जगदीशन, कर्ण शर्मा, लुंगी नगिदी, मिशेल सेंटनर, रवींद्र जडेजा, ऋतुराज गायकवाड़, शार्दुल ठाकुर, सैम कुरेन, आर साई किशोर, मोईन अली, के गौतम, चेतेश्वर पुजारा, हरिशंकर रेड्डी, भगत वर्मा, सी हरि निशांत।


Download Android App
Download iOS App



