विश्व फुटबॉल की नियामक संस्था-फीफा ने अगले साल भारत में होने वाले ‘फीफा यू-17 महिला विश्व कप भारत 2021’ के कार्यक्रम की मंगलवार को घोषणा कर दी। बदले हुए नाम से इस टूर्नामेंट का आयोजन अगले साल 17 फरवरी से 7 मार्च तक होगा। इससे पहले यह टूर्नामेंट ‘फीफा यू-17 महिला विश्व कप भारत 2020’ के नाम से जाना जा रहा था।
टूर्नामेंट में 16 टीमें 32 मैच खेंलेगी। इन मैचों का आयोजन देश के पांच शहरों, अहमदाबाद, भुवनेश्वर, गुवाहाटी, कोलकाता और नवी मुंबई में किया जाएगा, जिसकी घोषणा पहले ही की जा चुकी है। पिछले महीने मई में फीफा परिषद के ब्यूरो द्वारा नई तारीखों की घोषणा करने के बाद टूर्नामेंट का पहला मैच 17 फरवरी को गुवाहाटी में खेला जाएगा। वहीं, इसका फाइनल सात मार्च को नवी मुंबई में होगा।
फीफा 25 जून को फीफा महिला विश्व कप 2023 के मेजबान देश के नाम का एलान करेगा। मेजबानी की दौड़ में कोलंबिया, जापान और ऑस्ट्रेलिया-न्यूजीलैंड (संयुक्त मेजबान दावेदार) शामिल है। इससे पहले, ब्राजील भी मेजबानी की दौड़ में शामिल था लेकिन बाद में उसने अपनी दावेदारी वापिस ले ली।


Download Android App
Download iOS App



