भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ (एनआरएआई) ने देश के सर्वोच्च खेल पुरस्कार राजीव गांधी खेल रत्न के लिए अनुभवी निशानेबाज अंजुम मुदगिल का नाम केंद्रीय खेल मंत्रालय को भेजा है जबकि जसपाल राणा का नाम लगातार दूसरे वर्ष द्रोणाचार्य पुरस्कार के लिए भेजा गया है। एनआरएआई ने इसके अलावा पिस्टल निशानेबाज मनु भाकर, सौरभ चौधरी और अभिषेक वर्मा तथा राइफल निशानेबाज एलावेनिल वलारिवान का नाम अर्जुन पुरस्कार के लिए के लिए भेजा है। एनआरएआई के सचिव राजीव भाटिया ने गुरुवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि नामांकन केंद्रीय खेल मंत्रालय को भेज दिए गए है।
खेल रत्न के लिए नामांकित की गई चंडीगढ़ की अंजुम 2018 की विश्व चैंपियनशिप में दो रजत पदक और 2018 के गोल्ड कोस्ट राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक जीत चुकी हैं। वह 10 मीटर एयर राइफल में विश्व रैंकिंग में दूसरे स्थान तक पहुंच चुकी हैं। 26 वर्षीय अंजुम को पिछले वर्ष अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। वर्ष 2008 में निशानेबाजी शुरू करने वाली अंजुम टोक्यो ओलंपिक के लिए क्वालीफाई कर चुकी हैं।
एनआरएआई ने जाने-माने निशानेबाज और कोच जसपाल राणा का नाम लगातार दूसरे वर्ष द्रोणाचार्य अवार्ड के लिए भेजा है। 43 वर्षीय राणा को गत वर्ष द्रोणाचार्य पुरस्कार के लिए नहीं चुना गया था और चयन पैनल के इस फैसले की देश के एकमात्र व्यक्तिगत स्वर्ण विजेता अभिनव बिंद्रा ने आलोचना की थी। एशियाई खेलों के स्वर्ण विजेता निशानेबाज राणा को मनु भाकर, सौरभ और अनीश भनवाला जैसे युवा निशानेबाजों को तैयार करने और उन्हें विश्व स्तरीय बनाने का श्रेय जाता है।
एनआरएआई के अध्यक्ष रणइंदर सिंह ने कहा, ‘‘हमारे निशानेबाजों का पिछले सत्र में शानदार प्रदर्शन रहा था इसलिए इस बार चयन करना काफी मुश्किल था। हमने जिन निशानेबाजों का नाम भेजा है मैं उन्हें शुभकामनाएं देता हूं और जो इस बार नामांकन में जगह नहीं बना पाए, उम्मीद है कि वे अपने प्रदर्शन से हमें सोचने के लिए मजबूर करेंगे।’’अर्जुन पुरस्कार के लिए नामांकित की गयी मनु 18 साल, सौरभ चौधरी 18 साल और वलारिवान 20 साल तथा अभिषेक वर्मा 30 साल के हैं।


Download Android App
Download iOS App



