राजकोट : भारत के टेस्ट विशेषज्ञ चेतेश्वर पुजारा के 50वें प्रथम श्रेणी शतक और शेल्डन जैकसन के साथ उनकी अटूट साझेदारी से सौराष्ट्र ने कर्नाटक के खिलाफ रणजी ट्राफी ग्रुप बी मैच के पहले दिन दो विकेट पर 296 रन बनाकर विशाल स्कोर की ओर कदम बढ़ाए।
सौराष्ट्र ने टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया जिसके बाद जगदीश सुचित ने दोनों सलामी बल्लेबाजों हार्विक देसाई (13) और स्नेल पटेल (16) को जल्द पवेलियन भेजकर मेजबान टीम का स्कोर 33 रन पर दो विकेट कर दिया। पुजारा (नाबाद 162) और शेल्डन जैकसन (नाबाद 99) ने इसके बाद तीसरे विकेट के लिए 263 रन की अटूट साझेदारी करके पारी को संवारा और दूसरे तथा तीसरे सत्र में कर्नाटक के गेंदबाजों को सफलता से महरूम रखा।
पुजारा ने अब तक अपनी पारी में 238 गेंद का सामना करते हुए 17 चौके और एक छक्का जड़ा है जबकि जैकसन की 191 गेंद की पारी में चार चौके और दो छक्के शामिल हैं। कानपुर में उत्तर प्रदेश ने मोहम्मद सैफ (नाबाद 99) और रिंकू सिंह (62) के बीच पांचवें विकेट के लिए 116 रन की साझेदारी की बदौलत बड़ौदा के खिलाफ पांच विकेट पर 295 रन बनाए।


Download Android App
Download iOS App



