पेरिस : दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी रफेल नडाल ने 11वें फ्रेंच ओपन खिताब की ओर मजबूत कदम बढ़ाते हुए आज यहां इस ग्रैंडस्लैम टूर्नामेंट के पुरुष एकल क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई लेकिन दुनिया की पूर्व नंबर एक खिलाड़ी सेरेना विलियम्सन चोट के कारण महिला एकल प्री क्वार्टर फाइनल से हट गई। महिला एकल में ही दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी सिमोना हालेप ने एकतरफा मुकाबले में जीत दर्ज की जबकि दूसरे नंबर की खिलाड़ी कैरोलिन वोजनियाकी उलटफेर का शिकार होकर टूर्नामेंट से बाहर हो गई।
नडाल ने प्री क्वार्टर फाइनल में दुनिया के 70वें नंबर के खिलाड़ी जर्मनी के मैक्सिमिलन मार्टेरर को सीधे सेटों में 6-3, 6-2, 7-6 (7/4) से हराकर अंतिम आठ का सफर तय किया। नडाल ने रोलां गैरो पर 12वीं बार क्वार्टर फाइनल में जगह बनाते हुए नोवाक जोकोविच के रिकार्ड की बराबरी की जो उन्होंने कल ही बनाया था। स्पेन के 32 साल के इस दिग्गज खिलाड़ी ने अपने करियर में 35वीं बार किसी ग्रैंडस्लैम टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया है।
नडाल सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए अर्जेन्टीना के डिएगो श्वार्ट्जमैन से भिड़ेंगे जिन्होंने दो सेट से पिछड़ने के बाद जोरदार वापसी करते हुए छठे वरीय दक्षिण अफ्रीका के केविन एंडरसन को हराकर पहली बार फ्रेंच ओपन क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। पहले दो सेट आसानी से गंवाने वाले 11वें वरीय श्वार्ट्जमैन ने एंडरसन को 1-6, 2-6, 7-5, 7-6 (7/0), 6-2 से हराया। नडाल की यह मेजर टूर्नामेंट में 234वीं जीत है और वह ग्रैंडस्लैम टूर्नामेंट में सर्वाधिक जीत के मामले में तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। सेरेना ने हालांकि चिर प्रतिद्वंद्वी रूस की मारिया शारापोवा के खिलाफ प्री क्वार्टर फाइनल मुकाबले की शुरुआत से मिनटों पहले चोट के कारण मैच से हटने का फैसला किया।
हमारी मुख्य खबरों के लिए यहाँ क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



